मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

29 जून 2011

हिमाचलःसरकारी नौकरी के लिए कतार में 8 लाख

प्रदेश में 8,25,764 युवा अभी भी सरकारी नौकरी की आस लगाए बैठे हैं। इसके विपरीत सरकारी क्षेत्र में जिस तरह से रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं, उससे नौकरी मिलने की आशा धूमिल होती जा रही है। सरकार का दावा है कि साल भर में 33,640 युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार दिया गया।

क्या है सरकारी दावा

सरकार सरकारी क्षेत्र में 33,640 युवाओं को रोजगार देने का दावा कर रही है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में 1,32,066 युवाओं को रोजगार देने की बात कही है। शिक्षा विभाग में सरकार ने करीब 18 हजार भर्तियां करने का निर्णय लिया है, जिसमें से 15 हजार के करीब पद भर दिए गए हैं। पांच हजार शिक्षकों की भर्तियां वर्तमान वित्त वर्ष में भर दी जाएंगी।

सरकार ने लोक निर्माण विभाग में 13,205 दिहाड़ीदारों को नियमित किया है। इसी तरह आठ साल का कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मियों नियमित किया जा रहा है।

पांच साल में क्या रही स्थिति
वर्ष-पंजीकृत-बेरोजगार
2006-07 7,56,980
2007-08 7,82,348
2008-09 8,13,782
2009-10 8,27,329

2010-11 8,25,764 
90 हजार पद खाली

प्रदेश में सरकारी और अर्ध सरकारी क्षेत्र में इस समय विभिन्न श्रेणियों के करीब 90 हजार पद खाली चल रहे हैं। प्रदेश में कर्मचारियों की संख्या जो पहले करीब 2.5 लाख थी, अब घटकर लगभग 1.75 लाख पहुंच गई है। 

विभिन्न विभागों, निगमों और बोर्डो में कर्मचारियों की संख्या साल दर साल घट रही है। इसमें से सैकड़ों पदों को भी समाप्त भी कर दिया गया है। शिक्षा विभाग में ही करीब दस हजार शिक्षकों के पद खाली है। 

क्या कहते हैं कर्मचारी नेता 

हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र ठाकुर ने सरकारी क्षेत्र में कर्मचारियों के खाली पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की मांग की है। इससे जहां युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं कामकाज में भी पारदर्शिता आएगी। महासंघ के समानांतर चल रहे कर्मचारी महासंघ के नेता सुरिंद्र मनकोटिया, गोपाल कृष्ण शर्मा व एसएस जोगटा ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारी हितों की अनदेखी कर रही है।

सीधी बात

श्रम, रोजगार एवं उद्योग मंत्री किशन कपूर 

रिपोर्टर : सरकारी क्षेत्र में खाली पदों को भरने के प्रति सरकार कितनी गंभीर है? 

मंत्री : धूमल सरकार सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में रोजगार देने के लिए गंभीर है। इसके लिए पूर्व सरकार से कहीं बेहतर प्रयास किए गए हैं। 

रिपोर्टर : बेरोजगारों की बढ़ती संख्या से सरकार कितनी चिंतित है? 

मंत्री : बेरोजगारों की बढ़ती संख्या से सरकार निश्चित रूप से चिंतित है। वर्तमान सरकार के इन प्रयासों को लोगों ने सराहा है। 

रिपोर्टर : भविष्य के लिए क्या पग उठाए जाएंगे? 

मंत्री : शिक्षा विभाग में 5000 पद भरे जाने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही अन्य विभागों में भी चरणबद्ध तरीके से खाली पद भरे जा रहे हैं। निजी क्षेत्र में भारी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं(कुलदीप शर्मा,दैनिक भास्कर,शिमला,29.6.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।