मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

22 अगस्त 2011

मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानःबीटेक, एमटेक का बदलेगा पाठ्यक्रम

मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआइटी) अपने बीटेक एवं एमटेक के पाठ्यक्रम में बदलाव करने जा रहा है। नए पाठ्यक्रम के नवंबर के अंत तक तैयार होने की उम्मीद है। बहरहाल, नए पाठ्यक्रम को शैक्षिक सत्र 2012-13 से लागू किया जाएगा। पाठ्यक्रम में बदलाव का मकसद अत्याधुनिक आविष्कारों एवं तकनीक से छात्रों को अवगत कराना है। गौरतलब है कि बीटेक के एक सेमेस्टर में छह विषय पढ़ाए जाते हैं। इसमें कुल आठ सेमेस्टर होते हैं। इस तरह छात्रों को 48 विषय पढ़ने होते हैं। इसी प्रकार, एमटेक में दो सेमेस्टर होते हैं। दोनों सेमेस्टरों में छात्रों को 12 विषय पढ़ने होते हैं। इसके अलावा इन्हें एक साल का शोध कार्य करना पड़ता है। एप्लाइड मैकेनिक्स, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आदि विषयों में से कुछ विषय बीटेक और एमटेक दोनों में कॉमन हंै। चूंकि, हर रोज नए-नए आविष्कार और बदलाव होते रहते हैं, इसलिए प्रत्येक चौथे वर्ष बीटेक और एमटेक के पाठ्यक्रम बदल दिए जाते हैं। इसी क्रम में एमएनएनआइटी प्रशासन ने पाठ्यक्रमों में बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत सारे सेलेबस फ्रेमवर्क बदल दिए जाएंगे। किस सेमेस्टर में कौन से विषय एवं कितने अंक के होंगे, इसमें भी बदलाव किया जाएगा। इसके लिए अक्टूबर में एक कैरीकुलम वर्कशॉप होगी, जिसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के विशेषज्ञ बुलाए जाएंगे, जो नए पाठ्यक्रम को देखकर अपनी संस्तुति प्रदान करेंगे। इसके बाद सभी विषयों के पाठ्यक्रम को लेकर संस्थान स्तर पर गठित कमेटी में उसे पारित किया जाएगा। अंत में इस पाठ्यक्रम को सर्वोच्च एकेडमिक बॉडी सीनेट में रखा जाएगा, जिसकी अनुमति मिलने के बाद पाठ्यक्रम प्रभावी हो जाएगा(राजकुमार श्रीवास्तव,दैनिक जागरण,इलाहाबाद,22.8.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।