मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

05 अक्टूबर 2010

पंजाबःकंडक्टर भर्ती में भी धांधली

पेक और पीजीआई में सीबीआई छापों के बाद दाखिलों में धांधली का भंडाफोड़ हुआ था। रविवार को सीबीआई ने विभिन्न सेंटरों पर छापा मारकर चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) में कंडक्टरों की लिखित परीक्षा में भी धांधली पकड़ी। सीबीआई और पुलिस ने ऐसे नौ लोगों को गिरफ्तार किया है जो किसी और की जगह परीक्षा दे रहे थे।

सीटीयू में 127 कंडक्टरों की भर्ती के लिए रविवार को लिखित परीक्षा थी। इसके लिए पूरे शहर के अलग-अलग सरकारी स्कूलों में 68 सेंटर बनाए गए थे। इसमें करीब 20 हजार उम्मीदवारों ने भाग लिया। इससे एक दिन पहले ही सीबीआई को सूचना मिली थी कि इसमें 25 से 30 उम्मीदवार दूसरों की जगह पेपर दे सकते हैं। सीबीआई ने चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस के आला अफसरों को विश्वास में लिया। सेंटर ज्यादा होने के कारण पुलिस को सेंटरों पर निगाह रखने के लिए कहा गया था।

सुबह 10.30 बजे पेपर शुरू हुआ। मनीमाजरा मॉडर्न हाउसिंग कांप्लेक्स स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल में हरियाणा के गुहाना का पवन कुमार अपनी मासी के बेटे सुखविंदर सिंह की जगह पेपर देने आया था। जैसे ही पवन ने पेपर शुरू किया, सेंटर के सुपरिंटेंडेंट गुलजार सिंह को शक हुआ। उन्होंने पूछताछ की तो असलियत सामने आ गई। गुलजार सिंह ने इसकी सूचना मनीमाजरा पुलिस को दी। मनीमाजरा थाने के एसएचओ प्रताप सिंह ने पवन कुमार को मौके पर पहुंचकर पकड़ लिया। सुखविंदर को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम हरियाणा भेजी गई है।

इसी दौरान सेक्टर 40 के स्कूल में पुलिस ने पानीपत के दीपक दहिया को पकड़ा, जो रविंदर सिंह दहिया की जगह पेपर दे रहा था। उसी समय सीबीआई ने सेक्टर 23 के सीनियर सेकंडरी स्कूल में छापा मारकर कुछ युवकों को दूसरे के स्थान पर पेपर देते दबोचा। सीबीआई ने करीब दो दर्जन उम्मीदवारों से पूछताछ की। गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर 46 से सीबीआई ने मूल रूप से बिहार के राजीव राय को दबोचा, जो कि सी और की जगह पेपर दे रहा था।

कुल मिलाकर सीबीआई ने चार ऐसे युवकों को दबोचा, जो दूसरे की जगह पेपर दे रहे थे। एक ऐसा युवक भी पकड़ में आया है जिसकी जगह पर कोई और पेपर दे रहा था। सीबीआई ने एक दलाल को भी गिरफ्त में लिया है। पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ा है। सीबीआई द्वारा पकड़े गए युवकों में से एक डीएवी कॉलेज सेक्टर 10 में बीए फस्र्ट ईयर का स्टूडेंट है।

हमने पुख्ता इंतजाम कर रखे थे, इसी वजह से चीटिंग के आरोप में उम्मीदवार पकड़े गए हैं। इस दौरान सीटीयू ने सीबीआई को पूरा सहयोग दिया।

एमएल शर्मा, डायरेक्टर सीटीयू

कंडक्टरों की लिखित परीक्षा पर नजर रखने के लिए 14 मजिस्ट्रेट की डच्यूटी लगाई गई थी। हर सेंटर के गेट और भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। प्रशासन की सख्ती की वजह से ही दूसरों की जगह पेपर दे रहे युवक पकड़े गए हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी को कंडक्टरों की लिखित परीक्षा से लेकर रिजल्ट घोषित होने तक का 20 लाख रुपये से ज्यादा का ठेका दिया गया है। पीयू को आदेश दिए गए हैं कि जिन उम्मीदवारों ने पेपर दिए हैं, उनके साइन फार्म पर हुए साइन से मिलाए जाएं। इसके लिए फोरेंसिक लैब की भी मदद ली जा सकती है। इसके अतिरिक्त फार्म पर लगे उम्मीदवार के फोटो को सीसीटीवी में कैद फोटो से भी मिलाया जाएगा(दैनिक भास्कर,चंडीगढ़,5.10.2010)।

दैनिक भास्कर में ही चंडीगढ़ से मनोज अपरेजा बता रहे हैं कि दूसरे की जगह परीक्षा देने आया अभ्यर्थी कौन थाः

जब तक वह रिंग में विरोधी को नॉकआउट करता रहा तब तक कोई दिक्कत नहीं हुई। फाउल तब हुआ जब नेशनल लेवल का बॉक्सर अमित सॉल्वर बनकर किसी और की जगह सीटीयू कंडक्टर की परीक्षा देने पहुंचा। सीबीआई ने अमित को रविवार को गिरफ्तार किया था। उसके साथ ही पकड़े गए अन्य सॉल्वर्स में कोई एमएससी है तो कोई टीचर। ये ब्रिलियंट युवक इस धंधे के साथ साथ अपने कोचिंग सेंटर भी चलाते हैं।

सीबीआई सूत्रों के मुताबिक ये लोग उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने के लिए दो से तीन लाख रुपये लेते थे। सीबीआई को इस गिरोह के सरगना हरियाणा के लाठर और बिहार के नीलकमल की तलाश है। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट होगा कि गिरोह ने और कितनी परीक्षाओं में सॉल्वर बैठाए हैं।

सीटीयू कंडक्टर पद की भर्ती परीक्षा में दूसरों की जगह परीक्षा देते पकड़े गए आठ आरोपियों को सीबीआई ने सोमवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जेएस सिद्धू की अदालत में पेश कर 10 दिन का रिमांड मांगा। सीबीआई ने कहा कि पकड़े गए युवकों के माध्यम से गिरोह के सरगना तक पहुंचना है। कुछ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जानी है। पकड़े गए आरोपियों में से अधिकतर सोनीपत के हैं।

बिहार के कुछ मास्टरमाइंड भी इस गिरोह में शामिल हैं। बचाव पक्ष की ओर से आठों आरोपियों के अलग वकील पेश हुए। अदालत ने सभी पक्षों की दलील सुनने के बाद सभी आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इन आरोपियों को अदालत में 8 अक्टूबर को पेश किया जाएगा।

चार दिन की सीबीआई रिमांड

सीबीआई ने मामले में सोनीपत के संदीप, विकास, संजय, अमित, मनोज और बिहार के न्यूटन कुमार भारती, राजीव राय और रिंकू को अदालत में पेश किया। वहीं, मनीमाजरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार पवन कुमार, सेक्टर 39 थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार दीपक दहिया, रविंदर दहिया को जिला अदालत में पेश किया । अदालत ने इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।

इनकी है तलाश

गिरोह के सरगना सोनीपत के लाठर, बिहार के नीलकमल और पवन, राजेंद्र, विक्रम, गजेंद्र और सोनू को गिरफ्तार करना है। इनमें पवन कुमार की जगह न्यूटन, राजेंद्र की जगह संजय, विक्रम की जगह राजीव, गजेंद्र की जगह अमित, सोनू की जगह रिंकू पेपर दे रहा था।

1 टिप्पणी:

  1. हर जगह गड़बड़ी....

    ________________

    'पाखी की दुनिया' में अंडमान के टेस्टी-टेस्टी केले .

    जवाब देंहटाएं

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।