30 सितंबर 2010

मध्यप्रदेशःहर जिले में खुलेंगे आदर्श आई.टी.आई

मध्यप्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकात शर्मा ने कहा है कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक मॉडल आई.टी.आई. स्थापित किया जाएगा। शर्मा ने आज भोपाल में पीपीपी मोड के तहत आई.टी.आई. उन्मुखीकरण कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निजी और शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं की हर साल परफारमेन्स ग्रेडिंग कराई जाएगी और उसे सार्वजनिक कर अच्छी संस्थाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस कार्यशाला में भोपाल और ग्वालियर संभाग के पीपीपी मोड में शामिल आई.टी.आई. की इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष और प्राचार्यगण उपस्थित थे।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि कौशल उन्नयन तेजी से करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार ने कौशल विकास को प्राथमिकता के अनुरूप तकनीकी शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग का नाम बदलकर तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विभाग कर दिया है। उन्होंने कहा कि हर विकासखण्ड में एक आई.टी.आई. खोलने की योजना है। प्रदेश में तेजी से हो रहे पूंजी निवेश को देखते हुए कौशल विकास के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को बड़ी छलाग लगाना है। उद्योगों और आई.टी.आई. के बीच प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के लिए समन्वय बनाया जाएगा। आई.टी.आई. की परीक्षा प्रणाली में भी बदलाव लाया जाएगा। अच्छे प्रशिक्षक उपलब्ध कराने की दृष्टि से संविदा नियमों में आवश्यक संशोधन भी किया जाएगा। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि कौशल विकास केन्द्रों की भी स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि कौशल विकास में उद्योगों का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है।

तकनीकी एवं कौशल विकास संचालनालय के संचालक शिवानन्द दुबे ने बताया कि पीपीपी के अंतर्गत 56 आई.टी.आई. शामिल है। इन सभी संस्थानों के डेबलपमेंट प्लान बनाकर कार्यवाही की जा रही है। संस्थानों में प्रबंधन समितियों के अध्यक्षों और प्राचार्यो को अंतर्राष्ट्रीय संस्था जी.टी.नेट के माध्यम से उन्मुखीकरण कराया जा रहा है(जागरण,भोपाल,30.9.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।