मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

01 अक्टूबर 2010

हिमाचलःशिक्षा पर खर्च होंगे 2500 करोड़

हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षा में गुणवत्ता लाने व शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत ढांचा उपलब्ध करवाने के लिए 2500 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। यह उद्गार ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को राजकीय उच्च विद्यालय मरूंह में आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। इससे पूर्व सुलह विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान पंचायती राजमंत्री ने भेडू महादेव में स्वर्ण जयंती ग्रामीण स्वरोजगार के तहत 3.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्रामीण हट के भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही गढ़बस्दी में 15 लाख की लागत से बनने वाले ग्रामीण हट का शिलान्यास तथा मरूंह में 4.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर जयराम ठाकुर ने कहा कि स्कूलों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है तथा जल्द ही शिक्षकों के 18 हजार पदों को भरने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक पंचायत को भवन मुहैया करवाया जाएगा जिसके लिए प्रत्येक पंचायत को 3.40 लाख रुपये देने का प्रावधान है। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कांगड़ा जिले में संपूर्ण स्वच्छता अभियान को लेकर किए जा रहे प्रयासों को भी सराहा। समारोह में स्कूली बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समां बांधा। इस अवसर पर मंत्री ने बायें का फट, सांभा, खडुल, भदरोल, ननांवा, सुलह पंचायतों के भवन निर्माण के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही बीडीओ आवास भेडू महादेव को दस लाख तथा स्योटू पंचायत के भवन निर्माण के लिए 3़40 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा मरूंह के पंचायत घर में शौचालय एवं फर्नीचर के 75 हजार व हाई स्कूल मरूंह की चारदीवारी के लिए एक लाख देने की घोषणा की(दैनिक जागरण,धर्मशाला,1.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।