04 अक्टूबर 2010

कोलकाताःरोवनजीत आत्महत्या मामले में प्रिंसिपल गिरफ्तार

कोलकाता के एक स्कूल में पढ़ने वाले आठवीं के स्टूडेंट रोवनजीत रावला की आत्महत्या के सात महीने बाद ला मार्तिनिए स्कूल के प्रिंसिपल और 3 अन्य टीचरों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी लोगों को स्टूडेंट को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

13 वर्षीय रोवनजीत रावला ने इस साल 12 फरवरी को आत्महत्या कर ली थी। कोलकाता पुलिस के खुफिया विभान ने ला मार्तिनिए स्कूल के प्रिंसिपल और 3 अन्य टीचरों की गिरफ्तारी की। इन चारों आरोपियों का सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जॉइंट कमिश्नर ( क्राइम) दमयंती सेन ने बताया कि प्राचार्य सुनिर्मल चक्रवर्ती के अलावा तीन टीचरों, जरनियान, पार्थो दत्ता और डेविड राउन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गौरतलब है कि रोवनजीत रावला को कथित तौर पर स्कूल में प्रिंसिपल ने बेंत से मारा था, जिसके बाद 12 फरवरी को बच्चे ने आत्महत्या कर ली थी। हालांकि इस घटना के बाद प्रिंसिपल ने कहा था कि इस स्टूडेंट के अलावा 2 और छात्रों को भी सजा दी गई थी।

हालांकि बाद में स्कूल के प्रिंसिपल सुनिर्मल चक्रवर्ती ने पहले ही माफी मांग ली थी, लेकिन बच्चे के पिता अजय रावला ने प्रिंसिपल और दूसरे टीचर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि बच्चे की मौत के लिए माफी मांग लेना काफी नहीं है और स्कूल को इस अपराध की कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। रॉवनजीत के पिता ने इस साल जून में FIR दर्ज की थी।

इस गिरफ्तारी को जीत की संज्ञा देते हुए रोवनजीत के पिता अजय रावला ने कहा कि सभी लोगों को उचित सजा मिलनी चाहिए, ताकि दूसरे लोग कभी ऐसा करने की हिम्मत न कर सकें और बच्चों को कभी ऐसी सजा न मिले(नवभारत टाइम्स डॉट कॉम,4.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।