माध्यमिक परीक्षा-2011 के अभ्यर्थियों द्वारा पंजीकरण संबंधी ओएमआर शीट पर गलत सूचना देना महंगा पड़ सकता है। ओएमआर शीट में गलत सूचना पकड़े जाने पर पंजीकरण रद किया जा सकता है। यह सख्त निर्देश बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक परीक्षा के पंजीकरण के मामले में सभी प्रधानाध्यापकों को दिया है। इसीलिए परीक्षा समिति ने सावधानी बरतने के लिए ओएमआर शीट के साथ ही मार्गदर्शिका भी सभी माध्यमिक विद्यालयों को भेजा है।
समिति के अध्यक्ष प्रो. एकेपी यादव ने गुरुवार को बताया कि ओएमआर शीट के इस्तेमाल के मामले में सावधानी बरतने की हिदायत दी गयी है। इसके लिए मार्गदर्शिका भी विद्यालयों को उपलब्ध कराया गया है। आठ पृष्ठ की मार्गदर्शिका में पंजीकरण प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी गयी है। पंजीकरण के लिए ओएमआर शीट के इस्तेमाल में क्या सावधानी बरतनी है? शीट को तकनीकी रूप से कैसे भरना है? इसके बारे में पूरी जानकारी दी गई है। अध्यक्ष ने बताया कि ओएमआर शीट की छायाप्रति का प्रयोग नहीं करना है। शीट में बने खाने यानी कोष्ठ से बाहर नहीं लिखना है। ओएमआर शीट में कटिंग या ओवरराइटिंग नहीं करना है। यहां तक कि किसी प्रकार के दाग या धब्बे से भी उसे सुरक्षित रखना है।
प्रधानाध्यापकों को यह निर्देश दिया गया है कि सभी परीक्षार्थियों के लिए आवंटित ओएमआर फार्म में सारी सूचनाएं ठीक से तैयार करना है। ओएमआर फार्म को आरोही क्रम की तरह सुसज्जित करके ही डीईओ कार्यालय में जमा कराना है। पंजीकरण फार्म में भी कोष्ठ बने हैं, जिसमें शुल्क के बारे में विवरण अंकित है, जिसके आलोक में ही अभ्यर्थियों से शुल्क जमा लेना है। इस शुल्क विवरणी पर प्रधानाध्यापक का हस्ताक्षर अनिवार्य है(जागरण,पटना,30.9.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।