हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने पूरे प्रदेश के स्कूलों की मान्यता का नए सिरे से ब्योरा तैयार कराने का निर्णय लिया है। बुधवार को हुई बैठक में फरीदाबाद की जिला शिक्षाधिकारी जगजीत कौर ने उप जिलाधिकारी रेखा धारीवाल, दोनों ही खंड शिक्षाधिकारी व जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय के लिपिकों और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हर हालत में सोमवार तक जिले के सभी स्कूलों का ब्योरा तैयार करा लें। स्कूल संचालकों से शिक्षा निदेशालय की ओर से भेजे गए चार पन्नों के सूचना पत्र में ब्योरा भरवाने को भी कहा है।
कौर ने बताया कि हरियाणा बोर्ड के अलावा जिले में स्थित सीबीएसई बोर्ड संबद्ध स्कूलों की मान्यता का ब्योरा भी तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्योरे में स्कूल को कब से मान्यता है, तब उसका इन्फ्रास्ट्रक्चर क्या था, आज उसका इन्फ्रास्ट्रक्चर क्या है, छात्रों को क्या क्या सुविधाएं दी जा रही हैं, शिक्षा का मौलिक अधिकार के तहत किन किन स्कूलों में कितने छात्रों को प्रवेश दिया गया है, स्कूलों में छात्र व शिक्षक अनुपात क्या है आदि की जानकारी शिक्षा निदेशालय को भेजनी है। इन मानदंडों पर खरा नहीं उतरने वाले स्कूलों को गलती सुधारने का एक मौका दिया जाएगा। इसके बाद उनकी मान्यता तक रद्द की जा सकती है(जागरण,29.9.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।