मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

30 सितंबर 2010

लेदर क्षेत्र में दस लाख नौकरियों की गुंजाइश

लेदर श्रेत्र में अगले पांच साल के दौरान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से दस लाख रोजगार की उम्मीद की जा रही है। लेदर एक्सपोर्ट काउंसिल ने बिहार, उड़ीसा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में श्रमिकों के प्रशिक्षण के लिए उनकी पहचान भी शुरू कर दी है। कानपुर में लेदर कलस्टर, आगरा व जालंधर में लेदर डिजाइन व टेस्टिंग लैब की शुरुआत के बाद लेदर क्षेत्र में श्रमिकों की अच्छी मांग निकलने वाली है। लेदर क्षेत्र से जुड़ी इकाइयों की संख्या में प्रति वर्ष 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

लेदर एक्सपोर्ट काउंसिल के डायरेक्टर (अपैरल) मनोज तुली बताते हैं कि पिछले तीन साल में सिर्फ लेदर अपैरल कारोबार में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है और अब यह 2250 करोड़ रुपये का हो चला है। जिस रफ्तार से लेदर अपैरल कारोबार में बढ़ोतरी हो रही है उसे देखते हुए यह अगले पांच साल में 10,000 करोड़ रुपये का हो जाएगा। उनका कहना है कि चीन में लेदर अपैरल का कारोबार 20,000 करोड़ रुपये का है और अपनी घरेलू मांग में लगातार बढ़ोतरी से चीन निर्यात पर कम ध्यान दे रहा है। दूसरी बात यह है कि अब चीन और भारत के लेदर उत्पाद की लागत बराबर के स्तर पर है इसलिए विदेशी खरीदार की निगाह अब भारत पर है। ऐसे में भारत के लिए लेदर निर्यात श्रेत्र में अपार संभावनाएं नजर आ रही हैं।

वे कहते हैं कि लेदर अपैरल के अलावा फिनिश्ड लेदर और फुटवियर लेदर की विदेशी मांग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से जुलाई के दौरान फिनिश्ड लेदर के निर्यात में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 26 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं लेदर फुटवियर में यह बढ़ोतरी 15 फीसदी से अधिक की है। यही वजह है कि गुडग़ांव, मानेसर, नोएडा जैसे श्रेत्र में हर साल लेदर यूनिट की संख्या 15-20 फीसदी तक बढ़ रही है। लेदर कारोबारी व निर्यातकों का मानना है कि लेदर श्रेत्र का कारोबार अभी अपने चरम पर नहीं पहुंचा है।

फिलहाल पूरे लेदर क्षेत्र में 10 लाख लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर जुड़े है। लेदर एक्सपोर्ट काउंसिल के कार्यकारी निदेशक अली अहमद खान कहते हैं कि लेदर श्रेत्र की बुनियादी सुविधा में विकास के साथ ही श्रमिकों की मांग में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी। और अगले पांच साल में यह मांग 10 लाख तक पहुंच सकती है। जल्द ही आगरा व जालंधर में डिजाइन व टेस्टिंग लैब स्थापित होने जा रहा है(बिजनेस भास्कर,दिल्ली,27.9.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।