01 अक्टूबर 2010

यूपीःआउट ऑफ स्कूल बच्चों के लिए 8638 केंद्र

शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के तहत स्कूल से वंचित 6-14 आयु वर्ग के बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी शासन ने शुरू कर दी है। 2010-11 सत्र में प्रदेश में 94416 स्कूल नहीं जाने वाले बच्चों के प्रशिक्षण के लिए 8638 विशेष प्रशिक्षण केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों में बेसिक शिक्षा के सेवानिवृत्त शिक्षकों द्वारा बच्चों को छह माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उन बच्चों को कक्षाओं में सामान्य बच्चों के साथ शामिल किया जाएगा।

राज्य परियोजना कार्यालय ने बच्चों के विशेष प्रशिक्षण के निर्देश समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को जारी कर दिए हैं। इलाहाबाद में 4259 आउट ऑफ स्कूल बच्चों के लिए 285 केंद्र, बरेली में 3971 बच्चों के लिए 401 केंद्र, बिजनौर में 3558 बच्चों के लिए 366 केंद्र, हरदोई में 8118 बच्चों के लिए 810 केंद्र, लखनऊ में 5344 बच्चों के लिए 366 केंद्र, सीतापुर में 3573 बच्चों के लिए 330, सोनभद्र में 5926 बच्चों के लिए 590 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इसी प्रकार सभी जिलों में स्कूल नहीं गए बच्चों की संख्या के आधार पर केंद्र प्रस्तावित हुए हैं। वहीं विशेष प्रशिक्षण के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों को लगाया गया है, जिन्हें राज्य शिक्षा संस्थान से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण दे रहे हैं। सेवानिवृत्त शिक्षक नहीं मिलने की स्थिति में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं अध्यापक द्वारा बच्चों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित सेवानिवृत्त शिक्षकों का कार्यकाल छह माह के लिए होगा, जो बच्चों के प्रशिक्षण के बाद समाप्त हो जाएगा। विशेष प्रशिक्षण का आयोजन परिषदीय विद्यालयों में ही कक्षाएं संचालित कर किया जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ती है, तो कक्षाएं 1 घंटा अतिरिक्त संचालित करने के निर्देश भी भी जारी किए गए हैं(वेबदुनिया,इलाहाबाद,30.9.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।