03 अक्टूबर 2010

पीजी हॉस्टलों में गेस्ट व विजिटर की एंट्री बैन

डीयू के नॉर्थ कैंपस स्थित स्टेडियम में रग्बी इवेंट होना है और यूनिवर्सिटी में सिक्युरिटी के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। डीयू प्रशासन ने एक आदेश जारी कर कहा है कि पोस्ट ग्रैजुएट हॉस्टलों में रहने वाले स्टूडेंट्स गेम्स के दौरान किसी गेस्ट को नहीं बुलाएं और न ही इन हॉस्टलों में कोई विजिटर आ सकता है। ये पीजी हॉस्टल गेम्स वेन्यू के पास हैं और इन हॉस्टलों में किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। साथ ही स्टूडेंट्स को भी सख्त हिदायत दी गई है कि पुलिस ने यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर जो सुरक्षा इंतजाम किए हैं, उनका पूरी तरह से पालन किया जाए।

रग्बी इवेंट 11 और 12 अक्टूबर को होना है और खिलाड़ी इन दिनों ट्रेनिंग वेन्यू में प्रैक्टिस कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी ने कहा है कि 9 से 12 अक्टूबर के बीच गेम्स वेन्यू के पास स्थित यूनिवर्सिटी के सभी डिपार्टमेंट बंद रहेंगे। फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी, एंथ्रोपॉलजी समेत कई डिपार्टमेंट बंद रहेंगे। इसके अलावा जिन प्रफेसर या रिसर्चर का डिपार्टमेंट में जाना बहुत जरूरी है, उनके लिए स्पेशल पास बनवाए जा रहे हैं।

हॉस्टलों में रहने वाले स्टूडेंट्स के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं। मेघदूत और यूनिवर्सिटी हॉस्टल फॉर वुमन में रहने वाले स्टूडेंट्स को 9 से 12 अक्टूबर तक पटेल चेस्ट साइड से एंट्री मिल पाएगी। कैवेलरी लेन, जी. सी. नारंग मार्ग को बंद कर दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर प्रो. गुरमीत सिंह का कहना है कि पीजी हॉस्टलों में रहने वाले स्टूडेंट्स को हॉस्टल प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम की पूरी जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए। यूनिवर्सिटी ने चीफ सिक्युरिटी अफसर गजे सिंह को भी निर्देश दिया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पीजी हॉस्टलों में कोई बाहरी व्यक्ति न हो और इसके लिए हॉस्टलों का निरीक्षण भी किया जाए(नवभारत टाईम्स,दिल्ली,3.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।