04 अक्टूबर 2010

संवारें:उनके बाल और अपना करिअर

हेयर स्टाइलिंग के अंतर्गत बालों को विभिन्न रंग एवं रूप में सजाना होता है जिससे व्यक्ति के व्यक्तित्व में चामत्कारिक परिवर्तन आ जाए। यह एक ऐसा कॅरिअर है जो आपके सपनों को ऊंचाई तक ले जाता है। हेयर स्टाइलिंग एक ऐसा क्षेत्र है जो ग्लैमर को अपने भीतर समेटे हुए है। यदि आप लोगों के व्यक्तित्व में बदलाव लाने के प्रति आकर्षित होते हैं तथा आप इससे प्यार करते हैं तो हेयर स्टाइलिंग का कॅरिअर आपके लिए सबसे उपयुक्त कॅरिअर विकल्प साबित हो सकता है।

हेयर स्टाइलिंग एक ऐसा प्रोफेशन है जो आपको बहुत ऊंचाई तक ले जाता है और इसमें अच्छा पैसा भी है। यदि आप इस क्षेत्र में नाम, पैसा और शोहरत पाना चाहते हैं तो आपको रचनात्मक होना होगा। ज्यादातर प्रसिद्ध हेयर स्टाइलिस्ट अपने यहां ट्रेंड लोगों को ही काम पर रखते हैं। एक हेयर स्टाइलिस्ट बनने के लिए किसी विशेष शैक्षणिक योग्यता की आवश्यकता नहीं होती है। कॉलेज अथवा स्कूल की पढ़ाई खत्म करने के बाद आप इसके योग्य हो जाते हैं। देश में कई ऐसे संस्थान हैं, जो दसवीं करने के पश्चात ही छात्रों को हेयर स्टाइलिस्ट के पाठ्यक्रमों में दाखिला देते हैं।

गौरतलब है कि हेयर स्टाइलिंग के कोर्स में कलरिंग, बालों की सेक्शनिंग, शैंपू करना, स्कल्प ट्रीटमेंट, रोलर सेटिंग, ब्रेंडिंग, स्टेचनिंग, वेविंग तथा पर्मिंग जैसी आधारभूत बातों का प्रशिक्षण दिया जाता है। हेयर कटिंग तकनीक में क्लिपर्स, रेजर्स, शिअर्स आदि का इस्तेमाल करना सिखाया जाता है। इस प्रक्रिया में बालों को डैमेज होने से बचाने का कौशल भी बताया जाता है। इस प्रोफेशन में आपको जुनूनी एवं काम के प्रति समर्पित होना आवश्यक है। आपको बेसिक चीजों से लेकर कई तरह की क्रिएटिविटी को आत्मसात करना होगा। इसके अलावा आपके पास अच्छी मैनेजमेंट स्किल्स एवं हेयर स्टाइलिंग को समझने की कला भी होनी चाहिए।

इस प्रोफेशन के अंतर्गत उम्मीदवार से यह दरकार होती है कि बालों का नया ट्रेंड क्या है तथा उसमें विजुअलाइजेशन की क्षमता भी हो ताकि वह यह जान सके कि किसी विशेष अवसर पर व्यक्ति को कौनसी स्टाइल सूट करेगी। एक टॉप हेयर स्टाइलिस्ट के पास मॉर्डर्न हेयर मैनेजमेंट की तकनीक से संबंधित विस्तृत जानकारी होती है, जिसके जरिए वह क्लाइंट को पूरी तरह से संतुष्ट करता है।

इस क्षेत्र में किसी प्रोफेशनल एकेडमी से सीखकर अपनी शुरुआत करनी चाहिए और उसके बाद किसी अच्छे हेयर स्टाइलिस्ट के साथ जुड़कर एक साल के करीब काम में महारत हासिल करनी चाहिए। उसके बाद यह आप पर निर्भर करता है कि आप अपना स्वयं का सेलून खोल लें या फिर किसी ब्रांडेड हेयर स्टाइलिस्ट के साथ वेतन पर काम करें। एक ट्रेंड हेयर स्टाइलिस्ट टेलीविजन चैनल्स, एड एजेंसी, थिएटर एवं फिल्मों से जुड़कर भी काम कर सकता है। फैशन हाउस एवं फोटोग्राफी एजेंसियां भी उनकी सेवा लेती रहती हैं।

कहां से करें कोर्स

१. मेंस वर्ल्ड इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली।

२. साउथ दिल्ली पॉलिटेक्निक फॉर वूमेन, नई दिल्ली।

३. हबीब हेयर एकेडमी, एम-३, साउथ एक्सटेंशन पार्ट-२, नई दिल्ली।

४. शहनाज हुसैन वुमेन वर्ल्ड इंटरनेशनल एम-१०६, ग्रेटर कैलाश पार्ट-१, नई दिल्ली।

५. एली पैशन सैलून, स्पा एवं एकेडमी, फरीदाबाद।

६. बिग बॉस ब्यूटी पार्लर, बोरीवली (वेस्ट), मुंबई।
(जयंतीलाल भंडारी,मेट्रो रंग,नई दुनिया,दिल्ली,4.10.2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।