02 अक्टूबर 2010

बिहारःशीघ्र निष्पादित होगी प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र निष्पादित होगी। इसके लिए बिहार राज्य कर्मचारी चयन आयोग से जिले में करीब 1700 शिक्षकों की अनुमोदित सूची की प्रतीक्षा की जा रही है। हालांकि चुनाव आचार संहिता नियुक्ति प्रक्रिया में बड़ी बाधा बतायी जाती है। मिली जानकारी के अनुसार, कर्मचारी चयन आयोग द्वारा प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया का परिणाम आने के बाद ही जिले में आगे की कार्रवाई होगी।

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वरीयता के आधार पर नियुक्त होने वाले प्राथमिक शिक्षकों की सूची बन रही है। अभ्यर्थियों के डाटा को कम्प्यूटर में फीड किया गया है ताकि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। खास बात यह कि प्रशिक्षित शिक्षकों की वरीयता का आधार सत्र होगा। इस संबंध में मानव संसाधन विकास विभाग, बिहार सरकार का पत्र जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को मिल गया है। पत्र में चार निर्देश दिये गए हैं। नियुक्त होने वाले नब्बे फीसदी शिक्षक उत्क्रमित विद्यालयों में योगदान देंगे। शेष दस फीसदी शिक्षक वैसे स्कूलों में योगदान देंगे, जहां शिक्षकों की कमी है। नियुक्ति में विकलांगों और महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कट आफ ईयर को लेकर कोई स्पष्ट निर्देश नहीं दिया गया है पर यह शारीरिक, उर्दू, सामान्य और आरक्षित श्रेणियों में अलग-अलग होगा। बताया गया कि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया अब दिसम्बर में ही पूरी होगी क्योंकि चुनाव आचार संहिता की वजह से आयोग से सूची मिलेगी भी तो उसका क्रियान्वयन नहीं किया जाएगा(जागरण,पटना,2.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।