30 सितंबर 2010

सेल नियुक्त करेगा 525 तकनीशियन

70 हजार करोड़ रुपए की लागत से अपनी विभिन्न यूनिटों का मॉडर्नाइजेशन कर रहे स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने 525 फ्रेशर तकनीशियनों को नियोजित करने का निर्णय लिया है। इनमें से 450 को मैनेजमेंट ट्रेनिज के रूप में तकनीकी क्षेत्र में तथा 75 को प्रशासनिक कार्यो से जोड़ा जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि माडर्नाइजेशन के बाद सेल की सभी इकाइयों में आधुनिकतम तकनीक का उपयोग होगा और इसके लिए काफी दक्ष व जागरूक कर्मियों की जरूरत पड़ेगी। पहले से कार्यरत कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा, लेकिन उनमें अधिक संभावनाएं नहीं होती। इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) में चल रहे आधुनिकीकरण के तहत करीब साढ़े तीन सौ तकनीक कर्मियों को नियोजित किया गया है। उनके प्रदर्शन से आईएसपी प्रबंधन काफी संतुष्ट है।

सेल की विभिन्न यूनिटों में इस समय एक लाख बीस हजार कर्मी है। इनमें से प्रति वर्ष छह से सात हजार कर्मी सामान्य रूप से रिटायर हो जाते हैं। आईएसपी के कार्यकारी निदेशक (इंचाजर्) एनके झा ने कहा कि कंपनी के सामने मुख्य चुनौती फ्रंट लाइन के अधिकारियों के चयन एवं उनके नेतृत्व में कोर टीम का गठन करना है। इसी के तहत सेल प्रबंधन ने प्रबंधन ट्रेनिज (तकनीशियन तथा प्रशासन) के पदों पर नई नियुक्ति करने का निर्णय लिया है।

इन नियोजनों के लिए नियुक्ति अधिसूचना जारी कर दी गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। इसके प्रारंभिक चरण में प्रतियोगितामूलक लिखित परीक्षा होगी, जिसकी तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। सेल प्रबंधन ने चयनित तकनीशियनों के लिए साढ़े छह लाख रुपए की वार्षिक बेसिक राशि की घोषणा की है(हिंदुस्तान,आसनसोल,29.9.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।