मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

04 अक्टूबर 2010

हरियाणाःअंग्रेजी अध्यापकों की भर्ती को मंज़ूरी मिली

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी के शिक्षकों की भर्ती करने को हरी झंडी मिल गई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने पहले चरण में अंग्रेजी के 1415 शिक्षकों के पद सृजित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद शिक्षा विभाग अब इन पदों पर भर्ती के लिए वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजेगा। प्रस्ताव का मसौदा तैयार हो चुका है। वित्त विभाग की स्वीकृति मिलने के तुरंत बाद इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी।
विभाग ने इस पद के लिए मापदंड भी निर्धारित कर दिए हैं। अंग्रेजी मास्टरों के लिए बीए में अंग्रेजी ऐच्छिक विषय और बीएड में अंग्रेजी टीचिंग सब्जेक्ट के रूप में अनिवार्य किया गया है। राज्य में अभी तक एसएस मास्टर ही अंग्रेजी विषय पढ़ाते रहे हैं। यह पहला मौका होगा, जब अंग्रेजी विषय को पढ़ाने के लिए अलग से अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।

हरियाणा के अध्यापक संगठनों की मांग को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल के निर्देश पर विभाग की ओर से सरकार के पास अंग्रेजी के शिक्षकों के पद सृजित करने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने सहमति प्रदान कर दी है। इसके बाद विभाग अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गया है।

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा छह से 10 तक के बच्चों को अंग्रेजी विषय पढ़ाने के लिए करीब आठ हजार शिक्षकों की जरूरत है। कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए भी स्कूलों में अंग्रेजी के शिक्षकों की व्यवस्था नहीं है। इन कक्षाओं के लिए अंग्रेजी अनिवार्य विषय है। इन कक्षाओं में 15 हजार अंग्रेजी शिक्षकों की जरूरत बताई जाती है। शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती समेत विभिन्न मसलों पर चर्चा की। बैठक में रोहतक में चल रहे अनुबंधित अध्यापकों के आंदोलन से निपटने की कार्यनीति पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे भर्ती प्रक्रिया शुरू करने में तेजी लाएं(जागरण,चंडीगढ़,4.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।