पंचायत चुनाव में ड्यूटी न करने वाले तीन कर्मियों पर गाज गिरी है। दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं, जबकि एक वरिष्ठ लिपिक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई व वेतन रोकने के आदेश जारी हुए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संजय प्रसाद ने चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कर्मचारियों को चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) को प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक (पंचायत) सुभाष चंद्र उत्तम ने बताया कि सहायक अध्यक्ष पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्दवा राम श्रृंगार मिश्र और सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी मांडा द्वारा चुनाव ड्यूटी आदेश प्राप्त नहीं किया जा रहा है। जान बूझकर अनियमित रूप से निर्वाचन कार्य करने से इंकार किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में सहायक अध्यापक राम श्रृंगार मिश्र और सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना जरूरी है, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए गए। प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक (पंचायत) सुभाष चंद्र उत्तम ने बताया कि इसकी तहरीर कर्नलगंज थाने में देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि निर्वाचन ड्यूटी आदेश पत्र लेने से इंकार करने पर वरिष्ठ लिपिक हरिकृष्ण शुक्ल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और वेतन अग्रिम आदेश तक रोक देने का आदेश जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिया गया है। वरिष्ठ लिपिक ने निर्वाचन कार्य के लिए ड्यूटी आदेश पत्र प्राप्त नहीं किया और झगड़ा करने पर भी उतारू हो गए थे।
जसरा के निर्वाचन अधिकारी बदले : विकास खंड जसरा के निर्वाचन अधिकारी को बदल दिया गया है। यहां वीएस पाठक सहायक अभियंता टीएमजीएसवाई खंड-दो लोक निर्माण विभाग की तैनाती की गई है। पहले यहां संजय तिवारी अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग खंड-चार तैनात थे। इसके अलावा प्रतीक्षा में मुरलीधर अधिशासी अभियंता नलकूप विभाग को रखा गया है। यह जानकारी सहायक प्रभारी अधिकारी कार्मिक एसएन त्रिपाठी ने दी है।
प्रशिक्षण चार से : पीठासीन व मतदान अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण शिविर चार अक्टूबर से शुरू होगा। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। निर्वाचन से जुड़े उच्च अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात किए गए कर्मचारियों को चेतावनी दी कि प्रशिक्षण में गायब मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी(दैनिक जागरण,इलाहाबाद,3.10.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।