पॉलीटेक्निक की वार्षिक परीक्षाओं की तिथियों को लेकर भले ही अभी असमंजस की स्थिति बनी हो लेकिन परीक्षाएं कराने को लेकर प्राविधिक शिक्षा परिषद इस बार ज्यादा सतर्क नजर आ रहा है। प्रश्नपत्र लीक न हों इसके लिए परिषद ने पहली बार नई व्यवस्था की है। अब प्रश्नपत्रों को प्रेस में ही सील बंदकर दिया जाएगा। ये सीलबंद लिफाफे सीधे पॉलीटेक्निक संस्थान भेजे जाएंगे। पॉलीटेक्निक की वार्षिक परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने के लिए प्राविधिक शिक्षा परिषद ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रश्नों के पैकेट इस बार परिषद में नहीं बनाए जाएंगे। छपने के बाद प्रेस में ही पेपरों को सीलबंद करने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ वर्षो से पेपरों की गिनती के समय कुछ पेपर गायब होने की शिकायत मिल रही थी। लीक होने की संभावनाओं को पूरी तरह से खत्म करने के लिए प्रिंटिंग प्रेस में ही 25, 50 और 100 पेपरों के पैकेट बना लिए जाएंगे। सील बंद पैकेटों को ही परिषद लाया जाएगा। कॉलेजों को परीक्षा के दो से तीन दिन पहले पैकेट भेजे जाएंगे। पॉलीटेक्निक की वार्षिक परीक्षा में इस वर्ष करीब एक लाख विद्यार्थी बैठेंगे। परिषद की ओर से कॉलेजों की मांग पर कापियां व ड्राइंग सीटों को भेजने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है(दैनिक जागरण,लखनऊ,14.3.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।