बच्चों को स्कूली दिनों से ही बाजार में उनके अधिकारों की जानकारी देने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) इन भविष्य के निवेशकों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। सेबी स्कूली बच्चों को अपने मुख्यालय पर आमंत्रित करेगा और वित्तीय ज्ञान पर सालाना उनकी परीक्षा भी लेगा। सेबी के मुख्यालय में बच्चों को पूंजी बाजार के बारे में स्लाइड के जरिए जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें सेबी की नियामक के रूप में भूमिका से भी अवगत कराया जाएगा। छात्र- छात्राओं को परिर्चचा सत्र में उनके सवालों का जवाब दिया जाएगा। सेबी ने एक सकरुलर में कहा है कि वह अपनी वित्तीय शिक्षा पहल के तहत नौवीं और ऊपर की कक्षाओं के विद्यार्थियों, कॉलेज छात्रों तथा पेशेवर संस्थानों के बच्चों को अपने मुख्यालय में आमंत्रित करेगा। पिछले माह सेबी के निदेशक मंडल की बैठक में स्कूली और कॉलेज छात्र-छात्राओं को आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया था। बाजार नियामक निवेशक शिक्षा एवं जागरूकता- 2011 की कार्रवाई योजना के तहत यह प्रस्ताव किया है। एक अन्य निवेशक जागरूकता पहल के तहत सेबी ने स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों को वित्तीय ज्ञान हासिल करने को प्रोत्साहित करने के लिए हर साल अंग्रेजी में उनकी परीक्षा लेने का भी फैसला किया है। परीक्षा में बैठने वाले बच्चों से नियामक 500 रुपए परीक्षा शुल्क लेगा। ऊंचे नंबर पाने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। नियामक ने बेहद अच्छे नंबर पाने वाले विद्यार्थियों को सेबी द्वारा आयोजित विशेष समारोह में पुरस्कृत करने का भी प्रस्ताव किया है। वित्तीय शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल के तहत सेबी का इरादा 100 शिक्षकों को भी प्रशिक्षण देने का है। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान के दायरे में 5,000 छात्रों को लिया जाएगा(राष्ट्रीयसहारा,दिल्ली,10.3.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।