बैंकिंग सेक्टर हमेशा से युवाओं का पसंदीदा करियर रहा है। अभी तक वह बैंक में जॉब हासिल करने के लिए अलग-अलग परीक्षाओं से जूझता था, लेकिन अब देश के प्रमुख 19 राष्ट्रीयकृत बैंक कॉमन रिटन एग्जाम का आयोजन कर रहे हैं।
परीक्षा की तिथि - 18 सितंबर 2011
बैंकिंग सेक्टर शुरू से ही युवाओं के लिए रोजगार देने वाले क्षेत्र के रूप में पहचाना जाता रहा है। आजकल यह सेक्टर भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुका है। मैकिन्स की रिपोर्ट ‘इंडिया बैंकिंग 2010’ की मानें तो भारत में बैंकिंग सेक्टर 2001 से ही 51 प्रतिशत की वार्षिक दर से विकास कर रहा है। लगभग 7,500 अरब के बाजार पर स्थापित हो चुका यह सेक्टर 7.7 प्रतिशत की जीडीपी भी हासिल कर चुका है। साथ ही यह 1.5 मिलियन (लगभग 15 लाख) जॉब भी प्रदान करने वाला सेक्टर बन चुका है। प्रमुख राष्ट्रीयकृत बैंकों में कई ऐसे पदों की बड़े पैमाने पर रिक्तियां निकलती हैं, जिनसे बेरोजगारी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। इन्हीं पदों में से एक प्रोबेशनरी ऑफिसर एवं मैनेजमेंट ट्रेनी भी है। पहले इन पदों के लिए प्रमुख बैंक अलग-अलग एग्जाम करवाते थे, लेकिन इस बार इसमें नया नियम लागू हुआ है। करीब 19 पब्लिक सेक्टर बैंक मिल कर एक कॉमन रिटन एग्जाम (सीडब्ल्यूई) का आयोजन करने जा रहे हैं, जिसे इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) द्वारा दिशा-निर्देशित किया जाएगा। इस प्रोबेशनरी ऑफीसर एवं मैनेजमेंट ट्रेनी पदों के लिए एग्जाम का आयोजन इंस्टीटय़ूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सेलेक्शन (आईबीपीएस) द्वारा किया जाएगा।
परीक्षा बैंक पीओ के पैटर्न पर
इस परीक्षा का पैटर्न काफी कुछ इससे पहले होने वाली बैंक पीओ परीक्षा के समान ही है। फिर भी उम्मीदवार के लिए सलाह है कि वे मूल विज्ञापन अथवा परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्था की वेबसाइट से अवश्य जानकारी प्राप्त कर लें। इसमें रीजनिंग, इंग्लिश लेंग्वेज, क्वांटिटेटिव एप्टीटय़ूड, जनरल अवेयरनेस, कम्प्यूटर नॉलेज से संबंधित कुल 250 प्रश्न पूछे जाने की संभावना है। कुल अंक 250 तथा समय 150 मिनट का होता है।
इंग्लिश कंपोजिशन को छोड़ शेष प्रश्न ऑब्जेक्टिव
इसमें पूछे जाने वाले सभी सेक्शनों के प्रश्न ऑब्जेक्टिव होते हैं, जबकि इंग्लिश सेक्शन के अंतर्गत आने वाले इंग्लिश कंपोजिशन के प्रश्न डिस्क्रिप्टिव होते हैं। इसके लिए कुल 25 अंक तथा समय 60 मिनट निर्धारित हैं। इंग्लिश वाले भाग को छोड़ कर शेष सभी प्रश्न दोनों माध्यम अर्थात हिन्दी व अंग्रेजी में होते हैं।
गलत उत्तर पर निगेटिव मार्किग
इस एग्जाम में उम्मीदवार को सोच-समझ कर प्रश्नों के उत्तर देने होंगे, क्योंकि गलत उत्तर दिए जाने पर निगेटिव मार्किग का प्रावधान है। यदि कोई उम्मीदवार गलत उत्तर देता है तो उसके एक चौथाई अंक काट लिए जाएंगे, इसलिए जिन प्रश्नों को लेकर मन में किसी प्रकार की दुविधा हो तो उसे छोड़ कर आगे बढ़ जाएं। बाद में समय मिलने पर उन्हें एकबारगी देख सकते हैं।
तार्किक शक्ति विकसित करें
रीजनिंग सेक्शन के माध्यम से उम्मीदवार की तार्किक क्षमता का पता लगाने की कोशिश की जाती है। यह सेक्शन पूरी तरह से उम्मीदवार की सोच एवं समझ पर निर्भर करता है। इसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे जा सकते हैं। यह आंशिक रूप से शब्दों, आकृति एवं रेखाचित्रों पर आधारित होते हैं, जिन्हें भाषिक या गैर भाषिक की संज्ञा दी जाती है।
सारणी एवं आलेख की प्रैक्टिस करें
क्वांटिटेटिव एबिलिटी के भाग में प्रश्न सारणी अथवा आलेख पर निर्भर होते हैं। इसका उद्देश्य संख्यात्मक गणनाओं, जैसे संगणन, संख्यात्मक तर्कसंगतता, सारणियों एवं आलेखों से निष्कर्ष निकालने आदि में आपकी गति एवं सटीकता को जांचना है। इसमें प्रत्येक आलेख या सारणी का सावधानीपूर्वक परीक्षण कर उन्हें कॉपी में अंकित करना होगा।
ग्रामर पर अधिक ध्यान दें
उम्मीदवार की अंग्रेजी भाषा पर कितनी पकड़ है तथा वह कितनी दक्षता के साथ इसके शब्दों को लिख-पढ़ सकता है, यह इंग्लिश लेंग्वेज सेक्शन के माध्यम से आंका जाता है। वोकेबलरी, एंटानिम्स, सिनानिम्स, वाक्य प्रयोग तथा फिल इन दि ब्लैंक्स पर प्रश्न भी होते हैं।
इसमें एस्से राइटिंग व लेटर राइटिंग का भी निरंतर अभ्यास करें।
घटनाक्रमों पर नजर रखें
उम्मीदवार को अपने आस-पास घटने वाली समकालीन घटनाओं के अलावा बैंकिंग इंडस्ट्री पर अपनी जानकारी अपडेट रखनी चाहिए। इसमें पूछे जाने वाले प्रश्न वर्तमान घटनाक्रम, भूगोल, इतिहास, देश की राजनीति, सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम व भारतीय संविधान की मुख्य विशेषताओं पर भी हो सकते हैं।
कम्प्यूटर के बेसिक्स क्लीयर करें
ऐसी जानकारी, जो रोजमर्रा के कम्प्यूटर के प्रयोग के लिए जरूरी है या उनके पार्ट्स का पूरा नाम भी इस भाग में पूछा जा सकता है। ऑपरेटिंग सिस्टम के बारे में पूरी तरह से अवगत रहें, क्योंकि अधिकांश सवाल उसी से पूछे जाते हैं। कॉललेटर डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट www.ibps.in विजिट करें(संजीव कुमार सिंह
,हिंदुस्तान,दिल्ली,30.8.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।