मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

26 मार्च 2010

जोधपुर में बी.एड. छात्रों से अवैध वसूली

जोधपुर में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) से सम्बद्ध बीएड कॉलेजों में ब्लॉक टीचिंग एवं ओपन एयर सेशन नामक प्रायोगिक विषय पाठ्यक्रम में न होने के बावजूद तीन साल से इनका शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है। जेएनवीयू और सम्बद्ध बीएड कॉलेजों के तीन हजार विद्यर्थियों से हर साल इस पेटे करीब 60 लाख रूपए जमा होते हैं और पीटीईटी का आयोजक जेएनवीयू खुद तीन साल से इस पेटे जमा रकम सीधे कॉलेजों के खाते में स्थानांतरित किए जा रहा है।

राज्य में बीएड की फीस 22 हजार 429 रूपए निर्धारित है। इस फीस में एक हजार रूपए ब्लॉक टीचिंग एवं एक हजार ओपन एयर सेशन के शामिल है। जहां अन्य विवि और उनसे संबद्ध कॉलेजों में ये दोनों प्रायोगिक पाठ्यक्रम का हिस्सा है वहीं जेएनवीयू में ये दोनों पाठ्यक्रम में नहीं है, बावजूद इसके जेएनवीयू और उससे संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों से भी फीस 22 हजार 429 रूपए ही लेकर हर विद्यार्थी के दो-दो हजार रूपए ज्यादा वसूल किए जा रहे हैं। शिक्षासत्र 2007-08, 2008-09 एवं 2009-10 में यह वसूली हुई है।

पीटीईटी के आयोजक जेएनवीयू को इस बात की जानकारी होने के बावजूद वह ज्यादा जमा दो-दो हजार रूपए विद्यार्थियों को लौटाने की बजाय हर साल संबद्ध कालेजों को आंख मूंदकर स्थानांतरित कर रहा है। इस मामले को लेकर विद्यार्थियों ने कुलाधिपति और मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत की है।

'ओपन एयर सेशन व ब्लॉक टीचिंग जेएनीवीयू के सलेबस में नहीं है। लेकिन विवि में तो विद्यार्थियों के लिए इनकी बजाय सोशल सर्विस कैम्प लगाए जाते हैं और इस राशि से पढाई की कुछ सामग्री दी जाती है। सम्बद्ध निजी बीएड कॉलेज अपने हिसाब से काम कर रहे हैं। कैम्प लगते हैं या नहीं इस बारे में भी कॉलेज ही बता सकते हैं। विवि से तो ये दो हजार रूपए कुल फीस के साथ कॉलेजों को स्थानांतरित किए जाते हैं।' -प्रो.एके मलिक, समन्वयक पीटीईटी

(राजस्थान पत्रिका,26मार्च,2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।