डॉक्टरों की कमी पूरी करने के लिए राज्य सरकार ने प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। सीट बढ़ोतरी की अंतिम स्वीकृति मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) की गवर्निंग बॉडी देगी। इसके लिए सरकार के निर्देश पर प्रदेश के सभी छह मेडिकल कॉलेजों के प्रबंधन ने एमसीआई में आवेदन कर दिया है। अगले सत्र से 350 सीटें बढाई जाएंगी।पिछले दिनों केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीमों ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों मंे उपलब्ध संसाधनों का जायजा लेने के लिए दौरा किया था।दौरे से ही सभी कॉलेजों में एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने के संकेत मिले थे।
सीटें बढ़ाने के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में संसाधन उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय सहायता देने की घोषणा भी की थी।
कुल 350 सीटें बढ़ेंगी
सभी कॉलेजों में कुल 350 सीटें बढ़ेंगी। एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर में सौ, जबकि शेष पांच मेडिकल कॉलेजों में पचास-पचास सीटें बढ़ेंगी। सीटों की बढ़ोतरी अगले वर्ष से लागू होने की संभावना है। हाल में एमसीआई ने झालावाड़ स्थित राज्य के सातवें सरकारी मेडिकल कॉलेज को मान्यता देते हुए सौ सीटों को मंजूरी दे दी है। ऐसे में राज्य में अगले वर्ष सात मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की ११ सौ सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया होगी(दैनिक भास्कर,जोधपुर,5.10.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।