मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

17 दिसंबर 2010

यूपीःमाध्यमिक शिक्षा परिषद् का गोरखपुर कार्यालय जून से शुरू होगा

गोरखपुर और आसपास के जिलों के छात्रों, स्कूलों को माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। सब कुछ तैयारियों के अनुरूप चलता रहा तो माध्यमिक शिक्षा परिषद का गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय बोर्ड परीक्षा के बाद जून में खुल जाएगा। इसके लिए शासन स्तर पर औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। दफ्तर पहले से ही तैयार है, कर्मचारियों और अधिकारियों की तैनाती के लिए बोर्ड मुख्यालय और शासन स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। पिछले हफ्ते सचिव माध्यमिक शिक्षा ने मुख्यालय से अनुभागवार कर्मचारियों की लिस्ट मांगी थी। कितने कर्मचारी भेजे जा सकते हैं, उन्हें क्या जिम्मेदारी दी जा सकती हैं, इसका ब्योरा शासन को भेज दिया गया है। अपर सचिव, अनुभाग सचिव, अधीक्षक, गोपनीय विभाग और सिस्टल सेल के लिए मुख्यालय के साथ ही चारों क्षेत्रीय कार्यालयों से वरिष्ठता और उपयोगिता के हिसाब से कर्मचारी चिह्नित किए गए हैं।
गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय से दस जिलों को जोड़ने की तैयारी है। इससे छात्रों, स्कूल प्रधानाचार्यों, शिक्षकों को काफी राहत मिलेगी। उन्हें छोटे छोटे काम के लिए वाराणसी मंडल जाना पड़ता है। बस्ती, आजमगढ़ और गोरखपुर मंडल से जुड़े जिलों के अधिकारियों से स्कूलों की रिपोर्ट मांगी गई है। तैयारी है कि बोर्ड परीक्षा के बाद गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय के लिए चयनित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उसके बाद तबादला कर दिया जाएगा। फिलहाल बोर्ड से जुड़े चार क्षेत्रीय कार्यालय इलाहाबाद, वाराणसी, मेरठ, बरेली में हैं। गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय के सभी जिले वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े होंगे। संभावना है कि उसके बाद इलाहाबाद क्षेत्रीय कार्यालय का भार कर कुछ जिलों को वाराणसी से जोड़ा जाए। शासन ने इसे जनवरी में ही शुरू करने की तैयारी कर ली थी लेकिन बोर्ड परीक्षा नजदीक होने के कारण इस पर अमल नहीं किया गया। माध्यमिक शिक्षा निदेशक संजय मोहन ने स्वीकार किया कि इसके लिए अनुभागवार कर्मचारियों से स्वीकृति ली जा रही है। उनके मुताबिक अचानक कोई बड़ी अड़चन न आई तो इस बार क्षेत्रीय कार्यालय खुल जाएगा(अमर उजाला,इलाहाबाद,17.12.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।