मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

24 अक्टूबर 2010

यू पी:11 विश्वविद्यालयों की नैक ग्रेडिंग समाप्त

उत्तर प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों व इनसे जुड़े 33 कालेजों को दी गई ग्रेडिंग अब समाप्त कर दी गई है। इनमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय जैसे केन्द्रीय विश्वविद्यालय के साथ ही सभी प्रमुख राज्य विश्वविद्यालय शामिल हैं। यह विश्वविद्यालय अब राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की दी ग्रेडिंग का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। नैक ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है। इसके अनुसार शीघ्र ही रिएक्रेडिटेशन न कराने पर इन सभी शैक्षिक संस्थानों को यूजीसी द्वारा दिया जाने वाला अनुदान व फंड रुक जाएगा। नैक शैक्षिक संस्थानों का मूल्यांकन कर पांच साल के लिए उन्हें ग्रेडिंग देती है। यह ग्रेडिंग प्राप्त करना अब सभी शैक्षिक संस्थानों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बिना संस्थान किसी भी तरह के सरकारी अनुदान व फंड से वंचित रहेंगे। वर्ष 2005 या इससे पूर्व ग्रेडिंग प्राप्त संस्थानों की समय अवधि इस साल मई में पूरी हो गई है। इन संस्थानों को निर्धारित अवधि के पूर्व ही रिएक्रेडिटेशन के लिए आवेदन करना था, पर ऐसा नहीं किया गया। नैक ने रिएक्रेडिटेशन के लिए संस्थानों को निर्देश भी भेजा था। फिलहाल, नैक ने इन सभी को पूर्व में दी गई ग्रेडिंग समाप्त कर दी है। नैक द्वारा 28 सितंबर 2010 को जारी सूची में प्रदेश के 11 विश्वविद्यालय और इनसे जुड़े 33 कालेज शामिल हैं। इनमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय, वीर बहादुर सिंह पूर्वाचल विश्वविद्यालय जौनपुर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा, दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी, इलाहाबाद एग्रीकल्चरल इंस्टीट्यूट (डीम्ड विश्वविद्यालय) इलाहाबाद व सेन्ट्रल इन्स्टीट्यूट आफ हायर टिबेटन स्टडीज सारनाथ वाराणसी शामिल हैं। नैक ने इनके साथ जुड़े 33 विभाग व डिग्री कालेजों की ग्रेडिंग भी समाप्त कर दी है। नैक के इस निर्देश से इलाहाबाद विश्वविद्यालय का शिक्षाशास्त्र विभाग, आर्यकन्या डिग्री कालेज, ईसीसी, हमीदिया ग‌र्ल्स डिग्री कालेज, जगत तारन ग‌र्ल्स डिग्री कालेज, राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय व एसएस खन्ना ग‌र्ल्स की ग्रेडिंग भी समाप्त हो गई है। इलाहाबाद में अब सिर्फ ईश्वरशरण डिग्री कालेज व कुलभास्कर आश्रम पीजी कालेज के पास ही नैक की ग्रेडिंग बची रह गई है(एलएन त्रिपाठी,दैनिक जागरण,इलाहाबाद,२४.१०.२०१०)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।