मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

23 अक्टूबर 2010

उत्तराखंडःसेना भर्ती दौड़ में यूएस नगर के 550 युवा क्वालीफाई

थल सेना में भर्ती प्रक्रिया के दूसरे दिन ऊधम सिंह नगर के चार हजार से अधिक नौजवानों ने हिस्सा लिया। प्री हाइट टेस्ट के बाद 3500 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया। दौड़ में निकले करीब 550 अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन व शारीरिक परीक्षण हुआ। इधर पहले दिन दौड़ व शारीरिक परीक्षण में निकले अल्मोड़ा जिले के युवाओं का मेडिकल हुआ जो देर रात तक जारी था।

मिलिट्री स्टेशन ग्राउंड के बाहर शनिवार को दूसरे दिन भी सेना भर्ती में भाग लेने वाले नौजवानों का हुजूम उमड़ पड़ा। चार हजार से अधिक प्रतिभागियों को सेना भर्ती में प्रतिभाग को टोकन जारी हुए। गेट में चल रहे प्री हाइट टेस्ट के बाद लगभग 3500 युवा ही दौड़ में हिस्सा ले सके। 1600 मीटर दौड़ में 550 युवा सफल रहे। सुबह पांच बजे से शुरू हुई दौड़ 25 चरणों में हुई। प्रत्येक में लगभग 150 नौजवानों ने हिस्सा लिया। भर्ती निरीक्षक कर्नल मुकुल भल्ला ने बताया कि दौड़ में निकले नौजवानों का रजिस्ट्रेशन कर प्रमाण पत्रों की जांच की गयी। इसके बाद हाइट, वेट व चेस्ट का परीक्षण हुआ।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दौड़ व शारीरिक परीक्षण में चयनित युवाओं में से 240 का मेडिकल हुआ। इसमें करीब 60 फीसदी नौजवान सफल हुए। ऊधम सिंह नगर व अल्मोड़ा जिले से दौड़ व शारीरिक परीक्षण में चयनित अभ्यर्थियों का रविवार को मेडिकल परीक्षण होगा।

बागेश्वर व नैनीताल जनपद की भर्ती कल
थल सेना भर्ती के निरीक्षण कर्नल मुकुल भल्ला के मुताबिक 25 अक्टूबर (सोमवार) को नैनीताल जिले के सैनिक जीडी, सैनिक क्लर्क/एसकेटी एवं सैनिक तकनीकी की भर्ती होगी। सैनिक ट्रेडमैन पदों के लिए बागेश्वर व नैनीताल जिले के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। सैनिक जीडी के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा साढ़े 17 से 21 वर्ष, सैनिक क्लर्क/एसकेटी तथा सैनिक तकनीकी व सैनिक ट्रेडमैन पदों के प्रतिभागियों की आयु सीमा साढ़े 17 से 23 वर्ष तक है। भर्ती के लिए प्रवेश प्रक्रिया सुबह पांच बजे से लेकर नौ बजे तक चलेगी।

संदेह पर पूर्व फौजी पकड़ा
भर्ती रैली के दौरान सैन्य परिसर में घूम रहे एक पूर्व फौजी को जवानों ने पकड़ लिया। भर्ती निरीक्षक कर्नल मुकुल भल्ला व खुफिया एजेंसियों ने उससे लंबी पूछताछ की। कर्नल भल्ला के अनुसार दलालों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। साथ ही बताया कि कैंटीन में सामान खरीदने आया पूर्व फौजी अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहा था। इधर खुफिया एजेंसियों ने पूर्व फौजी के रिश्तेदारों, गांव के प्रधान व जनप्रतिनिधियों से भी पूछताछ की। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया(दैनिक जागरण संवाददाता,हल्द्वानी,23.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।