उत्तर प्रदेश में एक और निजी विश्वविद्यालय खोलने की तैयारी है। जेपी यूनिवर्सिटी नामक यह विश्वविद्यालय बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र में खोला जाएगा। निजी क्षेत्र के इस विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए आवेदक संस्था ने शासन को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भेजी है। जयप्रकाश सेवा संस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में शासन को बताया कि वह बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र में निजी विश्वविद्यालय खोलने का इरादा रखता है। संस्था ने यह भी बताया है कि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थल पर उसके पास 50 एकड़ के मानक के मुताबिक जमीन भी उपलब्ध है। संस्था जेपी इन्स्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के नाम से गुना (मध्य प्रदेश) में प्रौद्योगिकी शिक्षण संस्थान संचालित कर रही है। परियोजना रिपोर्ट के जरिये उपलब्ध करायी गईं जानकारियों के स्थलीय परीक्षण के लिए शासन कमेटी गठित करने पर विचार कर रहा है सूत्रों के मुताबिक कमेटी में मेरठ विश्वविद्यालय के कुलपति, विशेष सचिव उच्च शिक्षा अनीता मिश्र, बुलंदशहर के जिलाधिकारी, बुलंदशहर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मेरठ को शामिल करने की मंशा है। कमेटी के गठन के बारे में शीघ्र ही आदेश जारी होने की संभावना है। यह कमेटी आवेदक संस्था के अभिलेखों और स्थल का निरीक्षण करने के बाद शासन को अपनी रिपोर्ट देगी। कमेटी की रिपोर्ट से संतुष्ट होने पर शासन आवेदक को विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए आशय पत्र जारी करेगा। आशय पत्र में मुख्य रूप से तीन शर्तें होती हैं। विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए संस्था के पास कम से कम 50 एकड़ जमीन होनी चाहिए। जमीन पर 24000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर निर्माण होना चाहिए। संस्था के पास विन्यास निधि के रूप में 10 करोड़ की धनराशि होनी चाहिए। आशय पत्र की शर्तें पूरी करने के लिए संस्था को अधिकतम एक साल का समय दिया जाता है। इसके बाद आगे की कार्यवाही होगी(दैनिक जागरण,बुलंदशहर,25.1.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।