मेडिकल पढ़ाई के इच्छुक उन छात्रों को केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बड़ी राहत दी है जो आवेदन के बाद भी एआईपीएमटी परीक्षार्थियों की सूची में जगह नहीं बना पाए हैं।
बोर्ड की ओर से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन करने वाले ऐसे सभी आवेदकों को 10 फरवरी तक फिर से आवेदन का मौका दिया गया है जो डाक गुम हो जाने के कारण परीक्षार्थियों की सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।
सीबीएस की ओर से मिली इस राहत के तहत कहा गया है कि बोर्ड की ओर से लगातार जमा फॉर्म का ब्योरा वेबसाइट पर डाला जा रहा है और 27 जनवरी तक की सभी जानकारी वहां उपलब्ध है।
आगामी तीन अप्रैल को होने वाली प्रारम्भिक व 15 मई को होने वाली मुख्य परीक्षा के लिए 27 जनवरी को अपडेट की गई सूची में जिस भी आवेदक को उसका फॉर्म स्वीकार होने की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है, उसे फिर से अपना फॉर्म जमा कराने का अवसर बोर्ड ने दिया है।
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदकों के लिए एक बार फिर से कन्फर्मेशन पेज उपलब्ध कराया गया है। यहां उम्मीदवार अपनी जन्म तिथि व एप्लीकेशन नम्बर की मदद से फिर से उस पेज का प्रिंट ले सकता है।
इसके बाद इस पर दो फोटो (एक सत्यापित) लगाकर, पोस्ट ऑफिस से पूर्व में भेजे गए फॉर्म की स्लिप व फीस भुगतान की जानकारी बोर्ड को फिर से भेज सकता है।
इसी तरह ऑफलाइन आवेदकों को भी पूर्व के आवेदन की फोटोकॉपी और पोस्ट ऑफिस से पूर्व में भेजने की जानकारी देने वाली स्लिप के साथ बोर्ड से सम्पर्क करना होगा।
इसी के आधार पर उसे एक ओर आवेदन फॉर्म दिया जाएगा, जिसके आधार पर वह फिर से आवेदन कर सकता है। याद रहे दोनों ही स्तर पर आवेदन की अंतिम तिथि 10 फरवरी है और बिना पोस्ट ऑफिस स्लिप व प्रवेश परीक्षा शुल्क भुगतान की जानकारी के कोई आवेदन स्वीकार नहीं होगा(दैनिक भास्कर,दिल्ली,5.2.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।