मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

19 मार्च 2011

यूपीःराजकीय शिक्षकों को मिलेगा एसीपी का लाभ

राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षकों को अब राज्य कर्मचारियों की भांति 26 वर्ष की सेवा में सुनिश्चित करियर प्रोन्नयन (एसीपी) का लाभ मिलेगा। शासन स्तर पर इसकी सहमति बन गई है। इससे प्रदेश के पंद्रह हजार से अधिक राजकीय शिक्षक लाभांवित होंगे। उल्लेखनीय है कि राजकीय शिक्षकों को अब तक दो बार पहले दस एवं उसके बाद 12 साल की सेवा में क्रमश: चयन व प्रोन्नत वेतनमान दिया जाता था। राजकीय शिक्षक संघ अरसे से राजकीय कर्मियों की भांति एसीपी की मांग उठा रहा था। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने गत 23 फरवरी को इस बारे में शासन को प्रस्ताव भेजा था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि राजकीय इंटर कॉलेज में कार्यरत शिक्षकों पर राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 के प्रावधान लागू होते हैं और वह सुनिश्चित करियर प्रोन्नयन के लाभ के लिए अर्ह हैं। इस प्रस्ताव पर शुक्रवार को विशेष सचिव वित्त अजय अग्रवाल की अध्यक्षता में अधिकारियों व संघ के प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें 10 साल, 18 साल और 26 साल की सेवा पर सुनिश्चित करियर प्रोन्नत वेतनमान देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही तय किया गया कि शिक्षा विभाग के संवर्गीय पुनर्गठन में खंड शिक्षा अधिकारी पद एसडीआइ संवर्ग के साथ ही राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत एलटी एवं प्रवक्ता वर्ग के शिक्षकों से सेवा नियमावली में कोटे के अनुरूप भरा जाएगा। राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष पारस नाथ पांडेय ने बताया कि एलटी वर्ग के शिक्षकों को अब 10, 18 एवं 26 साल की सेवा में क्रमश: 4800, 5400 और 6600 का ग्रेड पे हासिल होगा(दैनिक जागरण,लखनऊ,19.3.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।