एचपी यूनिवर्सिटी की कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक में एक बेहद महत्वपूर्ण निर्णय में लड़कों को भी लड़कियों की तरह प्राइवेट पढ़ाई का मौका देने का निर्णय लिया गया। परीक्षा नियंत्रक (सीओई) के पद को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद खत्म हो गया है। इसके तहत अब डॉ. नरेंद्र अवस्थी को यूनिवर्सिटी का नया सीओई तैनात किया है।
इसके अलावा शिक्षक एवं गैर शिक्षक श्रेणी को पदोन्नति का तोहफा भी दिया है। साथ ही तीन असिस्टेंट प्रोफेसर भी बनाए हैं। इसी तरह वेतनमान के बकाया एरियर की अदायगी भी प्रदेश सरकार की तर्ज पर देने का निर्णय लिया है। इसमें 33 गैर शिक्षक व सात शिक्षक पदोन्नत किए गए हैं। कुलपति प्रोफेसर सुनील कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को हुई कार्यकारी परिषद (ईसी) की महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिए गए। इसमें 134.18 करोड़ रुपए के वार्षिक बजट को भी मंजूरी प्रदान की गई। साथ ही यूनिवर्सिटी ने अपने बूते 33 करोड़ रुपए की राशि जुटाने का निर्णय लिया है।
इस बार यह लक्ष्य 27 करोड़ रुपए रखा गया था और इससे कहीं अधिक 32 करोड़ रुपए की राशि को जुटा लिया गया। इसी तरह अब छात्रों को ऑन लाइन फीस जमा करवाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रोफेसर सुनील कुमार गुप्ता के अनुसार यूनिवर्सिटी ने प्रदेश सरकार के सहयोग से अच्छा काम कर दिखाया है, जिसके लिए अधिकारी और कर्मचारी वर्ग का विशेष योगदान रहा। ईसी ने इस बार के बजट में बीते साल की अपेक्षा 14 फीसदी वृद्धि की है। बजट में छात्रावास निर्माण के लिए 60 लाख और छात्रावास के कंप्यूटरीकरण के लिए 50 लाख रखे हैं।
इसी तरह प्रदेश सरकार की तर्ज पर एरियर का बकाया भुगतान करने का निर्णय लिया गया है। ईसी ने 19 अधीक्षक एक्स काडर को अधीक्षक एवं 14 को अनुभाग अधिकारी बनाने का निर्णय भी लिया है। इसी तरह कैरियर एडवांस मेंट स्कीम के तहत सात शिक्षकों को असिस्टेंट प्रोफेसर को प्रोफेसर बनाने का निर्णय लिया है। इसमें डॉ. सिकंदर कुमार, डॉ. अर्पणा नेगी, डॉ. विजय शर्मा, डॉ. सर्व जीत सिंह भट्ट, डॉ. राजेंद्रा कुमारी, डॉ. ममता मोक्टा एवं डॉ. देव दत्त शर्मा शामिल है। इसी तरह डॉ. मनोज कुमार, डॉ. गायत्री राणा एवं डॉ. शैजी अहमद के नाम असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए स्वीकृत किए हैं।
50 मांगों को दिखाई हरी झंडी
एचपी यूनिवर्सिटी की ईसी बैठक में छात्र संघों और संयुक्त संघर्ष समिति की 50 फीसदी मांगों को हरी झंडी मिल गई है। प्रशासन ने परीक्षा नियंत्रक का कार्यभार नरेंद्र अवस्थी, 14 अनुभाग अधिकारी, 19 अधीक्षकों की पदोन्नति करने की घोषणा की। समिति ने 27 अनुभाग अधिकारी, 39 अधीक्षक, 2 डीआर, 4 एआर, 6 पर्सनल स्टाफ भरने की मांग की थी। प्रशासन ने समिति अन्य मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है(दैनिक भास्कर,शिमला,20.3.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।