उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में नकल कराने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। दूसरे दिन शुक्रवार को भी जहां कई छात्र नकल करते हुए पकड़े गए वहीं एक केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दी गई। वित्तविहीन विद्यालयों में कक्ष निरीक्षकों का टोटा रहा। इस दिन कक्ष निरीक्षक की पिटाई भी की गई। परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रथम पॉली में हाईस्कूल की संगीत वादन और इंटरमीडिएट की गृह विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा रही जिससे केंद्रों पर नकल कराने वालों की कम भीड़ रही। लेकिन दूसरी पॉली में इंटरमीडिएट के छात्रों की जीव विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र समेत बहीखाता तथा लेखाशास्त्र प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा आरंभ होने से पूर्व ही केंद्रों पर नकल कराने वालों का मजमा लग गया। गंगापार के आनापुर स्थित सरस्वतीदेवी परमानंद सिनहा इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान की परीक्षा में अनुचित साधन का प्रयोग करते तीन छात्र धरे गए। आनापुर स्थित आइकेएम परीक्षा केंद्र में एक छात्र को नकल करते पकड़ा गया। लालगोपालगंज स्थित बचानदेवी इंटर कॉलेज में तीन कक्षों में करीब दो सौ छात्रों को सामूहिक नकल का दोषी पाया गया जिसपर डीआइओएस ने इस केंद्र की परीक्षा निरस्त करने की संस्तुति की। यहां बोरे में नकल सामग्री पकड़ने के साथ ही केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यमुनापार के करछना स्थित लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज धरवारा में केंद्र व्यवस्थापक का मामला इस दिन भी उलझा रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से भेजे गए एक अधिकारी की रिपोर्ट पर इस विद्यालय के एक शिक्षक को नकल कराने के आरोप में कार्यमुक्त भी कर दिया गया है, लेकिन केंद्र व्यवस्थापक को न हटाने से यहां दूसरे दिन भी अफरा-तफरी मची रही। डीआइओएस के मुताबिक इस केंद्र के व्यवस्थापक को बदला जा रहा है। वित्तविहीन विद्यालयों में नकल माफियाओं के दबाव में तमाम कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंचे। ऐसे में इन विद्यालयों के कक्ष निरीक्षण का कार्य एक-एक शिक्षक के हवाले रहा। ऐसे विद्यालयों के मुख्य द्वार पर प्रबंधन से जुड़े असलहाधारी बैठे रहे। परीक्षा से जुड़े सूत्रों की मानें तो प्रदेश के इलाहाबाद, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, बांदा, बलिया, चित्रकूट समेत अन्य कई जनपदों में 50 फीसदी से अधिक कक्ष निरीक्षकों ने परीक्षा कार्य से हाथ खीच लिया है। मेजा प्रतिनिधि के अनुसार, मेजा खास स्थित लक्ष्मीनारायण इंटर कॉलेज में दूसरी पॉली की परीक्षा समाप्त होने के बाद नकल करने से रोकने पर एक शिक्षक की छात्रों ने पिटाई की। सोरांव प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील क्षेत्र में नकल विहीन परीक्षा के लिए जहां प्रशासन ने कमर कसी है वही नकल माफियाओं का दबदबा कायम है। लालगोपालगंज स्थित बचान देवी इण्टर कालेज चैनी का पूरा में स्कूल का चपरासी बोरे में नकल सामग्री लेकर भाग रहा था जिसे पुलिस के जवानों ने दौड़ाया तो वह बोरा छोड़कर भाग गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अन्य कदम उठाते हुए इस केन्द्र के व्यवस्थापक के विरूद्ध भी कार्रवाई की है। मेवालाल इण्टर कालेज में 77 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। सोराम इण्टर कालेज में बाऊण्ड्री न होने के कारण यहां नकल कराने वालों का बोल बाला रहता है। सोरांव व होलागढ़ के सरायनंदन उर्फ समसपुर स्थित परीक्षा केन्द्र पर भी सामूहिक रूप से ठेके पर नकल कराने और परीक्षार्थियों से प्रतिदिन सुविधा शुल्क मांगने का अभिभावकों ने आरोप लगाया। होलागढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के कई परीक्षा केन्द्रों पर गैर शिक्षकों और प्रबन्ध तंत्र के लोग परीक्षा ड्यूटी करते देखे गए। नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार, कछारी इलाकों में बनाये गए परीक्षा केन्द्रों पर ठेके पर नकल हो रही है जहां अधिकारी भी जाना मुनासिब नही समझ रहे हंै। आनापुर प्रतिनिधि के अनुसार, बेरावां स्थित शेरवानी कालेज में भी नकल कराने के लिए गिरोह सक्रिय हैं। कल्याणपुर प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में शांतिपूर्ण परीक्षा सम्पन्न हुई। मऊआइमा प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में धड़ल्ले से नकल करायी जा रही है(दैनिक जागरण,इलाहाबाद,19.3.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।