मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

15 मार्च 2011

इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के नकली फॉर्मों से सावधान!

गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ (आईपी) यूनिवर्सिटी ने स्टूडेंट्स को आगाह किया है कि इंडियन बैंक की अधिकृत शाखाओं से ही एडमिशन फॉर्म लें। दरअसल, पिछले साल यूनिवर्सिटी के नकली फॉर्म का मामला सामने आया था और बहुत सारे स्टूडेंट्स नकली फॉर्म के जाल में फंसे थे।

यूनिवर्सिटी का कहना है कि अगर स्टूडेंट्स या पैरंट्स बैंक के अलावा किसी दूसरी जगह से फॉर्म ले रहे हैं, तो इसके जिम्मेदार वे खुद होंगे क्योंकि हो सकता है कि उनका फॉर्म नकली हो।

यूनिवर्सिटी के जॉइंट रजिस्ट्रार (ऐकडेमिक) कर्नल प्रदीप उपमन्यु ने बताया कि यह सामने आया है कि कुछ पैरंट्स बुक डिपो या किसी दूसरी जगह से भी फॉर्म ले रहे हैं। यूनिवर्सिटी के पास ऐसे पैरंट्स पूछताछ के लिए आ रहे हैं, जिन्होंने बैंक से फॉर्म नहीं लिया। वे पैरंट्स अब पूछ रहे हैं कि इससे कोई परेशानी तो नहीं होगी? उपमन्यु ने ऐसे पैरंट्स को साफ कहा है कि इस तरह के फॉर्म नकली भी हो सकते हैं और यूनिवर्सिटी इसके लिए जिम्मेदार नहीं होगी।


उन्होंने बताया कि पिछले साल यूनिवर्सिटी के नकली एडमिशन फॉर्म की बिक्री का एक बड़ा मामला सामने आया था। 300 से ज्यादा नकली फॉर्म पकड़े गए थे। ओएमआर शीट नकली पाई गई थी। यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर ने उस सीरियल नंबर के फॉर्म को एक्सेप्ट नहीं किया था, जो नकली थे। पैरंट्स व स्टूडेंट्स को यह समझ लेना चाहिए कि यूनिवर्सिटी सिर्फ इंडियन बैंक के जरिए ही एडमिशन फॉर्म जारी कर रही है। एक फॉर्म की कीमत 1000 रुपये है।

द्वारका कैंपस स्थित इंडियन बैंक की ब्रांच के अलावा दिल्ली में आनंद विहार, चांदनी चौक, डिफेंस कॉलोनी, द्वारका, गुजरांवाला टाउन, हौजखास, जनकपुरी, करोलबाग, कश्मीरी गेट, कीर्ति नगर, मालवीय नगर, मयूर विहार, नई दिल्ली, नेहरू प्लेस, पीतमपुरा, प्रीत विहार, पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, रोहिणी, साउथ एक्सटेंशन, शाहदरा और तिलक नगर स्थित ब्रांच से फॉर्म मिल रहे हैं(नवभारत टाइम्स,दिल्ली,15.3.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।