वस्त्र निर्माण के क्षेत्र में भारत विश्व के अग्रणी देशों में से एक है। इसके अलावा वर्तमान माहौल में फैशन के क्षेत्र में भी जबरदस्त बूम दिखाई दे रहा है। ऐसे में टेक्सटाइल डिजाइनरों का महत्व पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा बढ़ गया है। इसकी वजह यह है कि बेहतर टेक्सटाइल डिजाइनिंग से ही फैशन डिजाइनिंग को बल मिलता है। फैशन, आर्ट व डिजाइनिंग में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए टेक्सटाइल डिजाइनिंग एक बेहतर विकल्प है। टेक्सटाइल डिजाइनिंग फाइन आर्ट्स का ही रूप है, जो रोजगार उपलब्ध कराने में बेहद सक्षम है। टेक्सटाइल डिजाइनिंग के तहत वीविंग व प्रिंटिंग टेक्नीक, टेलरिंग व एम्ब्रॉयडरी टेक्नीक तथा पेंटिंग व कलरिंग टेक्नीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाती है। इसमें फैब्रिक की सरफेस और स्ट्रक्चरल, दोनों ही तरह की डिजाइनिंग के बारे में बताया जाता है। भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में प्रचलित डिजाइन के परंपरागत तरीकों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया जाता है, जिसमें बीड्स तथा अन्य सजावटी सामानों की जानकारी भी शामिल है।
कैसे-कैसे कोर्स
विभिन्न संस्थानों में छात्रों के लिए इस फील्ड से संबंधित डिप्लोमा व पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा स्तर के पाठ्यक्रम मौजूद हैं। डिप्लोमा कोर्स करने के बाद पीजी डिप्लोमा में एडमिशन लिया जा सकता है। पीजी स्तर पर स्पेशलाइज्ड कोर्सेज होते हैं। विभिन्न पाठ्यक्रमों की अवधि अलग-अलग हो सकती है।
शैक्षणिक योग्यता
जो विद्यार्थी टेक्सटाइल डिजाइनिंग में डिप्लोमा करना चाहते हैं, उनके लिए 12वीं (किसी भी संकाय से) उत्तीर्ण होना जरूरी है। पीजी कोर्सेज के लिए टेक्सटाइल डिजाइनिंग या किसी भी अन्य विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी है। इन पाठ्यक्रमों के लिए विभिन्न संस्थानों द्वारा एंट्रेस एग्जाम भी लिया जाता है।
मौके हैं तमाम
फैशन बूम ने टेक्सटाइल डिजाइनरों के लिए भी कैरियर के तमाम रास्ते खोल दिए हैं, क्योंकि इस कारण इन
प्रोफेशनल्स की डिमांड बढ़ी
है। इन्हें गारमेंट मैन्यूफैक्चरिंग इंडस्ट्रीज, एक्सपोर्ट हाउसेज और रिटेलिंग बिजनेस में मौके मिलते हैं। निजी क्षेत्रों के अलावा सरकारी संस्थानों में भी अवसर मिलते हैं। सिल्क, हैंडलूम, खादी, जूट आदि के विकास को लेकर सरकार भी काफी प्रयत्नशील है। इसलिए संबंधित सरकारी संस्थानों में भी अवसर उपलब्ध हैं। आप चाहें तो डिजाइनिंग कंसल्टेंट या टीचर के रूप में भी इस फील्ड में अपनी सेवा दे सकते हैं।
प्रमुख संस्थान
-दि एपेरल ट्रेनिंग ऐंड डिजाइन सेंटर, नई दिल्ली
कोर्स डिप्लोमा इन टेक्सटाइल डिजाइन
www.aepcindia.com
-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद
कोर्स जीडीपीडी इन टेक्सटाइल डिजाइन
-डिजाइन एंड इनोवेशन एकेडमी (डीआईए), नोएडा
कोर्स डिप्लोमा इन टेक्सटाइल डिजाइन
-एनआईएफटी, नई दिल्ली व अन्य केंद्र
कोर्स डिप्लोमा इन फैशन ऐंड टेक्सटाइल डिजाइन
-पर्ल एकेडमी ऑफ फैशन, जयपुर
कोर्स बीए ऑनर्स टेक्सटाइल डिजाइन
-दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आगरा
कोर्स पीजी डिप्लोमा इन टेक्सटाइल डिजाइन
www.dei.ac.in(गणेश कुमार पांडेय,अमर उजाला,21.7.11)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।