मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

25 जुलाई 2011

क्रिमिनोलॉजी में करिअर

वर्तमान माहौल में अपराध पर काबू पाने के लिए क्रिमिनोलॉजी अथवा फॉरेंसिक विज्ञान की पढ़ाई जरूरी हो जाती है। क्रिमिनोलॉजी प्रोफेशनल्स का काम फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मिलकर अपराधी के खिलाफ कोर्ट में कानूनी तौर पर स्वीकृत सुबूत प्रस्तुत करने का होता है, ताकि उसे सजा दिलवाई जा सके। क्रिमिनोलॉजी में अपराध के प्रकार, अपराध के पीछे के कारणों, अपराध के संबंध में सरकारी कानूनों आदि की पढ़ाई की जाती है। इसका मनोविज्ञान, समाज विज्ञान और कानून से गहरा संबंध है।

कोर्स और योग्यता
क्रिमिनोलॉजी के तहत अंडरग्रेजुएट (बीए/बीएससी) कोर्स के लिए कला अथवा विज्ञान स्ट्रीम के साथ 12वीं पास विद्यार्थी पात्र हैं। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों में स्नातक और परास्नातक कोर्स उपलब्ध हैं। परास्नातक (एमए/एमएससी) में दाखिले के लिए विज्ञान अथवा कला वर्ग से स्नातक होना जरूरी है। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में बीएससी (फॉरेंसिक साइंस) औैर बीएससी (क्रिमिनोलॉजी) दोनों ही पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।


कहां होगी जरूरत
अपराध विज्ञान विशेषज्ञ जांचकर्ताओं अथवा फॉरेंसिक विज्ञान विशेषज्ञों की जरूरत अधिकतर राजकीय सेवा में है। पुलिस, कानूनी ढांचे, केंद्र और राज्य सरकार की जांच एजेंसियों आदि में इनकी जरूरत होती है। कुछ प्राइवेट एजेंसियों, स्वयंसेवी संगठनों में भी इनकी मांग होती है। इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टीगेशन (सीबीआई) में इनकी ज्यादातर नियुक्ति होती है। इन कोर्स को करने के बाद शिक्षण को भी कैरियर बनाया जा सकता है।

भविष्य की संभावना
भारत और दुनिया में जिस तेजी से अपराध बढ़ रहे हैं, उसकी तुलना में जांचकर्ताओं की संख्या बेहद कम है। ऐसे में भविष्य में इसके विशेषज्ञों के लिए अवसर और बढ़ेंगे। क्रिमिनोलॉजी के विद्यार्थी क्राइम इंटेलीजेंस एनालिस्ट, लॉ रिफॉर्म रिसर्चर, रीजनल क्राइम प्रिवेंशन को-ऑर्डिनेटर, ड्रग पॉलिसी एडवाइजर, कंज्यूमर एडवोकेट, एनवॉयरमेंट प्रोटेक्शन एनालिस्ट आदि के रूप में नियुक्ति पा सकते हैं। फॉरेंसिक साइंस कोर्स के बाद मेडिकल एक्जामिनर, क्राइम लेबोरेटरी एनालिस्ट, फॉरेंसिक पैथोलॉजिस्ट आदि बना जा सकता है।

प्रमुख संस्थान
-लोकनायक जयप्रकाश नारायण नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिमिनोलॉजी एंड फॉरेंसिक साइंस, दिल्ली, www.nicfs.nic.in
-पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़, www.puchd.ac.in
-टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस, मुंबई, www.tiss.edu
-तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद, www.tmu.ac.in
-अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, अलीगढ़, www.amu.ac.in
-यूनिवर्सिटी ऑफ लखनऊ, लखनऊ, www.lkouniv.ac.in
-यूनिवर्सिटी ऑफ पुणे, पुणे, www.unipune.ac.in
-डॉ. हरिसिंह गौड़ विश्वविद्यालय, सागर, www.sagaruniversity.nic.in(विजय शर्मा,अमर उजाला,21.7.11)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।