मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

25 जुलाई 2011

जम्मूःसेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए ‘जंग’ का ऐलान

जम्मू में सेंट्रल यूनिवर्सिटी शुरू किए जाने का मुद्दा एक बार फिर गरमाने लगा है। सोमवार से दो संगठन भूख हड़ताल पर बैठने वाले हैं तो वहीं एक संगठन ने जम्मू विवि को भी न चलने देने की चेतावनी दी है। पैंथर्स पार्टी के छात्र और युवा नेताओं तथा जम्मू पीपुल्स फोरम ने सोमवार से भूख हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी है। इन दोनों संगठनों का कहना है कि जब तक सेंट्रल यूनिवर्सिटी का स्थानीय वीसी नियुक्त नहीं हो जाता और यह यूनिवर्सिटी काम करना नहीं शुरू कर देती, तब तक संभाग के विभिन्न कॉलेजों में कक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा और भूख हड़ताल करते रहेंगे। पैंथर्स पार्टी स्टूडेंट यूनियन के अलावा जम्मू यूनिवर्सिटी रिसर्च स्कॉलर फोरम ने भी चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही यूनिवर्सिटी पर कोई निर्णय नहीं लिया गया तो यूनिवर्सिटी को अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर देंगे। कई अन्य संगठन भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

स्थानीय वीसी की मांग तेज


नेशनल सेकुलर फोरम ने 27वें दिन भी जम्मू यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन किया। फोरम के प्रधान विकास शर्मा ने कहा कि केन्द्र ने देश में 15 सेंट्रल यूनिवर्सिटी खोलने की घोषणा की थी। सभी यूनिवर्सिटी ने अपना एक सेशन पूरा कर लिया है लेकिन अभी तक जम्मू यूनिवर्सिटी का वीसी ही नियुक्त नहीं हुआ ह। इसे जम्मू के साथ भेदभाव न कहा जाए तो क्या कहा जाएगा। कोई अंधा ही होगा जिसको नजर न आता होगा। न तो केन्द्र सरकार इसे लेकर गंभीर है और न ही राज्य सरकार। अगर जल्द ही वीसी नियुक्त न हुआ तो इसका अंजाम बुरा होगा। 

..नहीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे

जम्मू यूनिवर्सिटी रिसर्च स्कॉलर फोरम के प्रधान सुरेश अजय मगोत्रा ने कहा है कि इससे बड़ी शर्म की बात क्या होगी कि जम्मू के केबिनेट मंत्रियों को इसकी जरा-सी भी चिंता है। सिर्फ अपनी कुर्सियों के पीछे भागने वाले मंत्रियों को जम्मू की रत्ती भर भी चिंता नहीं है। तभी तो किसी को कोई फर्क नहीं पड़ रहा कि डेढ़ वर्ष के बाद भी जम्मू सेंट्रल यूनिवर्सिटी का मुद्दा नहीं उठाया। अगर जल्द ही यूनिवर्सिटी को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया तो फोरम अनिश्चितकालीन के लिए यूनिवर्सिटी में हड़ताल कर देगी। फोरम ने जम्मू के सामाजिक संगठनों से भी इस मुद्दे के लिए एक होने की अपील की है। 

पीपुल्स फोरम भी करेगा हड़ताल

सेंट्रल यूनिवर्सिटी के मसले को लेकर जम्मू पीपुल्स फोरम भी अगले 15 दिन तक मुबारक मंडी में भूख हड़ताल पर बैठेगा। फोरम के पांच लोग पहले दिन हड़ताल पर बैठेंगे। इनमें फोरम के प्रधान पवित्र सिंह, नारायण सिंह, राजपूत सभा के प्रधान, होटल एवं लॉज एसोसिएशन के प्रधान इंद्रजीत खजुरिया, आल इंडिया ब्राrाण फेडरेशन के प्रधान दविंदर शर्मा और बीजेपी के सीनियर नेता रमेश अरोड़ा शामिल रहेंगे। फोरम के प्रधान पवित्र सिंह जम्वाल ने कहा कि वर्ष 2008 में श्री अमरनाथ भूमि विवाद में जम्मू के हक के लिए जंग लड़ी थी। अब फिर से वक्त आ गया है, अब भी जम्मू के हक की बात है। इसलिए सभी को इस हक के लिए लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है।

कांग्रेसियों ने भी जताया रोष

केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के खुलने में हो रही देरी पर कांग्रेस के एक धड़े ने भी नाराजगी जताई है। कांग्रेस नेता कृष्ण लाल ने रविवार को कहा कि अगर विवि शुरू करने में और देरी हुई तो उन्हें भी मजबूरन प्रदर्शनकारियों के साथ सड़कों पर उतरना पड़ेगा। रविवार को पत्रकार वार्ता में कृष्ण लाल ने कहा कि जम्मू के लोगों की भावनाओं को देखते हुए केंद्र तथा राज्य सरकार को इसके लिए शीघ्र कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कश्मीर के विवि ने काम करना भी शुरू कर दिया है और सरकार ने जमीन भी जारी कर दी है।लेकिन जम्मू में बनने वाले विवि के लिए अभ्ज्ञी तक ऐसा कुछ भी नहीं किया गया(दैनिक भास्कर,जम्मू,25.7.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।