पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे होगे खराब। जी हां इस कहावत का यूज अक्सर पैरंट्स अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने को लेकर करते हैं। लेकिन यह अब गुजरे जमाने की बात हो गई है। अब खेल-कूद करने वाले न सिर्फ शानदार करियर बनाकर खूब पैसा कमा रहे हैं, बल्कि दुनिया में अपना और अपने देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं।
यही वजह है कि आजकल युवाओं का रुझान खेल की तरफ ज्यादा बढ़ रहा है। छोटे शहरों से निकले बडे़ खिलाडि़यों ने आज फिजिकल एजुकेशन का दायरा बढ़ा दिया है। सुशील कुमार, अल्का तोमर और अंजू चौधरी कुछ ऐसे ही उदाहरण हैं। अब इस फील्ड में भी बेहतरीन करियर की संभावनाएं पैदा होने लगी हैं। लिहाजा स्टूडेंट्स अब फिजिकल एजुकेशन को बेहतर करियर के रूप में देखने लगे हैं।
यदि आपका भी इंट्रेस्ट स्पोर्ट्स में है, तो आप इस फील्ड में अपना शानदार करियर बना सकते हैं। 12वीं के बाद ग्रैजुएशन में फिजिकल एजुकेशन लेकर आप या तो एक बेहतरीन खिलाड़ी बन सकते हैं, या फिर टीचर बनकर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। आज के टाइम में लोगों में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ रही जागरूकता को देखते हुए फिटनेस ट्रेनर का बिजनेस भी एक अच्छा ऑप्शन बन सकता है। सीसीएस यूनिवसिर्टी से संबद्ध गौतमबुद्धनगर के 4 कॉलेजों में बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन में 3 साल का डिग्री कोर्स कराया जाता है।
जॉब का बढ़ता दायरा
देश में स्पोर्ट्स के क्रेज को बढ़ते देख सरकार भी इस ओर काफी ध्यान दे रही है। अब प्राईवेट स्कूलों के अलावा सरकारी स्कूलों में भी स्पोर्ट्स टीचर रखे जा रहे हंै। इसके अलावा हर कॉलेज में स्पोर्ट्स टीचर बहाल किए जा रहे हैं। आजकल लोग हेल्थ को लेकर काफी सजग हो रहे हैं। ऐसे में बॉडी फिटनेस के लिए जिम और ट्रेनिंग सेंटर का बिजनेस भी अच्छा आप्शन हो सकता है।
लड़कियों के लिए भी है बेहतर
सायना नेहवाल और सानिया मिर्जा की तरह आज कई लड़कियां स्पोर्ट्स में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। रेसलिंग की बात करें, तो अल्का तोमर, प्रियंका, ज्योति और अंजू चौधरी जैसे कई नाम हैं, जो इंटरनैशनल लेवल पर अपना परचम लहरा चुकी हैं। यह कोर्स गर्ल्स के लिए भी बेस्ट है।
कौन कर सकता है अप्लाई
12 वीं में 40 प्रतिशत अंकों के साथ पास होने वाले स्टूडेंट्स इस कोर्स के लिए अप्लाई कर सकते हैं। कोर्स के दौरान स्टूडेंट्स को उसकी योग्यता के अनुसार प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका दिया जाता है।
क्या है एडमिशन की प्रक्रिया
फिजिकल एजुकेशन में एडमिशन के लिए 30 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके बाद अपने पसंदीदा कॉलेज में फॉर्म जमा करें। कॉलेजों में मेरिट लिस्ट लगने के बाद आप एडमिशन ले सकते हैं। एडमिशन की लास्ट डेट 7 अगस्त है।
कौन-कौन से होते हैं खेल
नोएडा कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन (एनसीपीई) के डायरेक्टर सुशील राजपूत का कहना है कि उनके कॉलेज से कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस कोर्स में स्टूडेंट्स को कुश्ती, कबड्डी, योगा, मार्शल आर्ट, जूडो, हैंडबॉल, बॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, एथलिटिक्स व क्रिकेट की ट्रेनिंग दी जाती है।
कहां से कर सकते हैं कोर्स
- नोएडा कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन , धूमानिकपुर दादरी
सीटें -140
- एमिटी यूनिवर्सिटी , नोएडा
सीटें -50
- आरवी नार्थ लैंड कॉलेज , चिटहेरा दादरी
- रामईश कॉलेज , ग्रेटर नोएडा
- एनआईईटी , नोएडा(वीरेंद्र शर्मा, नवभारत टाइम्स,25.7.11)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।