मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

20 मई 2010

डीयू के अंग्रेजी विभाग में सेमेस्टर सिलेबस पर असंतोष

दिल्ली विश्वविद्यालय में पिछले दिनों कायदे कानून को ताक पर रखकर स्नातक स्तर पर सेमेस्टर थोपने पर अब एक और बखे़ड़ा उठ ख़ड़ा हुआ है। अंग्रेजी विभाग ने सेमेस्टर के हिसाब से बीएससी के कोर्सेज के लिए तैयार कराए गये अंग्रेजी भाषा के पाठ्यक्रम को मानने से इनकार कर दिया है। प्रोफेसरों का कहना है कि प्रशासन ने अंग्रेजी पेपर का पाठ्यक्रम अंग्रेजी विभाग से तैयार नहीं कराया। पढ़ाने की जिम्मेदारी शिक्षक नहीं ले सकते।

विभाग के प्रोफेसर हरीश त्रिवेदी ने बताया कि विभाग में सेमेस्टर के हिसाब से प्रस्तावित पाठ्यक्रम का ब्लू प्रिंट नवम्बर में पेश किया गया । इस पर विभाग में चर्चा भी शुरू हुई। लेकिन पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए बहुत विचार विमर्श और समय की जरूरत होती है। प्रशासन को बताया गया कि जल्दीबाजी में अंग्रेजी भाषा व साहित्य से जु़ड़े ब़ड़े और छोटे पेपरों का पाठ्यक्रम तैयार नहीं हो सकता। इसको लेकर विभाग ने कई सवाल भी प्रशासन के सामने रखे लेकिन उनका जवाब नहीं दिया गया। उल्टे अपनी जिद के कारण कुलपति प्रो दीपक पेंटल ने सेमेस्टर को मनमाने तरीके से लागू कर दिया। उन्होंने अंग्रेजी विभाग द्वारा तैयार किये जाने वाले पाठ्यक्रम को शिक्षा विभाग और लिंग्विस्टिक विभाग के प्रोफेसरों से तैयार करा लिया। वैधानिक प्रक्रिया की अनदेखी की गई। विश्वविद्यालय में खेल की तैयारी चल रही है।विभाग के अध्यक्ष एस सत्पथी ने बताया कि अंग्रेजी से जु़ड़े पेपरों के पाठ्यक्रम तैयार करने की जिम्मेदारी अंग्रेजी विभाग पर है। प्रशासन ने विभाग को ताक पर रखकर ऐसे लोगों से पाठ्यक्रम तैयार कराया जो इसके लिए आधिकारिक तौर पर सक्षम और प्रशिक्षित नहीं हैं।
(नई दुनिया,दिल्ली,19 मई,2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।