देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रबंधन प्रवेश परीक्षा, कैट (कॉमन एडमिशन टेस्ट) पर अब आईआईएम-ए (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अहमदबाद) का नियंत्रण नहीं रहेगा। कैट-2009 की परीक्षा पहली बार ऑनलाइन कराने के बाद, अगली परीक्षा (कैट-2010) का दारोमदार आईआईएम-लखनऊ को दे दिया गया है।
दायित्व में परिवर्तन को आईआईएम-ए के प्रोफेसर और कैट के पूर्व संयोजक सतीश देवधर ने भी स्वीकारा। उन्होंने कहा, ‘दायित्व लखनऊ शाखा को सौंपा जा चुका है। हमने विज्ञापन से लेकर परिणामों के तमाम फाइल और फोल्डर संस्थान को सौंप दिए हैं।’ कैट-2009 की ऑनलाइन परीक्षा का दायित्व आईआईएम-ए व बेंगलुरू के निदेशकों और प्रोफेसर देवधर के कंधों पर था। कैट-2010 का दायित्व आईआईएम-एल और आईआईएम-कोलकाता संयुक्त रूप से लेंगे। इस परीक्षा के संयोजक आईआईएम के प्रोफेसर हिमांशु राय होंगे।
आधिकारिक तौर पर कैट के संयोजक की जिम्मेदारी एक जून को ही सौंपी जा चुकी है। राय ने कैट-2010 के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, ‘हम परीक्षा आयोजित करवाने और हरेक जरूरी बदलाव लाने के बारे में हर पहलू से विचार कर फैसला करेंगे। ’ उन्होंने कहा कि प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और हरेक बदलाव को कैट की वेबसाइट और मीडिया के माध्यम से बताया जाएगा।
राय ने कहा कि प्रत्याशियों की सुविधा के लिए पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी और हरेक बदलाव से सबको परिचित कराया जाएगा। साझेदारी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रोमैट्रिक के साथ साझेदारी इस वर्ष भी चलेगी। प्रोमैट्रिक ने पिछले साल एनआईआईटी को साझीदार बनाया था और इस वर्ष भी ऐसा ही होने की उम्मीद है(Dainik Bhaskar,Ahmedabad,16.6.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।