अब प्राथमिक विद्यालय और शिक्षकों का पूरा ब्यौरा वेबसाइट पर दर्ज होगा। बेसिक शिक्षा निदेशक, लखनऊ ने इस बाबत स्वीकृत पदों तथा इन पदों के सापेक्ष कार्यरत शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए यूनीक कोड निर्धारित कर इसे वेबसाइट पर प्रदर्शित करने के लिए निर्देश जारी कर दिया है। बेसिक शिक्षा परिषद ने परिषदीय विद्यालयों में बेहतर वित्तीय एवं शैक्षिक नियोजन तथा स्थानान्तरण की कार्यवाही में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है। जानकारी के अनुसार निदेशालय ने बेसिक शिक्षा परिषद के नये खुलने वाले प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों, इन विद्यालयों के लिए स्वीकृत होने वाले नवीन पदों तथा इन पदों के सापेक्ष नियुक्त होने वाले नवीन शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए नया यूनीक कोड आवंटित करने की व्यवस्था का निर्देश सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को जारी कर दिया है। विद्यालय का कोड 11 अंक का होगा। जबकि पद का कोड 13 और कर्मचारी कोड 11 अंक का होगा। जनपद में नवीन विद्यालय के खुलने - नवीन पद सृजित होने पर उसकी सूचना विवरण संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा तत्काल सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को उपलब्ध कराना होगा। संबंधित नवीन विद्यालय- पद का कोड निर्धारित कराकर एक सप्ताह के भीतर संबंधित जनपद को उपलब्ध कराया जायेगा। यहां बता दें यह व्यवस्था लागू हो जाने के बाद बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किये जाने वाले सभी स्थानान्तरित आदेशों में शिक्षक व कर्मचारी कोड, वर्तमान विद्यालय के संबंधित पद का कोड तथा नवीन तैनाती वाले विद्यालय से संबंधित पद का कोड अंकित रहेगा। संबंधित वेबसाइट और साफ्टवेयर बनवाने की कार्यवाही शुरू है(दैनिक जागरण,गोरखपुर,27.7.2010)।
good effort
जवाब देंहटाएं