राज्य स्तरीय संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2010 में सफल अभ्यर्थियों की आनलाइन काउंसिलिंग तीन से 20 अगस्त तक चलेगी। अवकाश के कारण 14 व 15 अगस्त को काउंसिलिंग नहीं होगी। वहीं अभ्यर्थियों की आफ कैम्पस इंटरनेट काउंसिलिंग 29 जुलाई से एक अगस्त तक चलेगी। बीएड का नया सत्र 10 अगस्त से शुरू होगा। उच्च न्यायालय के अंतरिम आदेश और सुप्रीम कोर्ट के एक पूर्व निर्णय के आधार पर काउंसलिंग के जरिये निजी कालेजों के सीट आवंटन में आरक्षण न लागू करने का फैसला किया गया है। लखनऊ विश्वविद्यालय ने बीएड काउंसिलिंग का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बीएड काउंसिलिंग प्रदेश में बनाये गए 13 नोडल केंद्रों पर होगी। काउंसलिंग के लिए आगरा, बरेली, फैजाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी में एक-एक, कानपुर में दो, लखनऊ में तीन तथा वाराणसी में दो (महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय) केंद्र बनाये गए हैं। कांवडि़यों की वजह से मेरठ को जाने वाले मार्गों में परिवर्तन और उन्हें पूरी तरह बंद कर दिये जाने की वजह से मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में बनाया गया काउंसिलिंग केंद्र निरस्त कर दिया गया है। मेरठ नोडल केंद्र के अभ्यर्थियों को उनके आवेदन पत्रों में दर्ज द्वितीय वरीयता वाले काउंसलिंग केंद्रों पर समायोजित किया जाएगा। आनलाइन काउंसिलिंग के लिए तैयार की गई समय-सारिणी के अनुसार अभ्यर्थियों को अपनी रैंक के हिसाब से नियत तिथि पर काउंसिलिंग के लिए तय नोडल सेंटर पर रिपोर्ट करना होगा। यहां पर अंकपत्रों, प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बाद उनका पंजीकरण होगा। उन्हें काउंसिलिंग केंद्र पर ही 500 रुपये बैंक ड्राफ्ट के रूप में बतौर काउंसिलिंग फीस जमा करने होंगे। अभ्यर्थियों को एडवांस कालेज फीस के रूप में 5000 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भी जमा करना होगा। सभी बैंक ड्राफ्ट वित्त अधिकारी, लखनऊ विश्वविद्यालय के पक्ष में देय होंगे। इसके बाद अभ्यर्थियों को अपनी रैंक के अनुसार विकल्प भरने होंगे। अगले दिन अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग केंद्र पर आवंटन पत्र दिये जाएंगे। अभ्यर्थियों को बकाया कालेज फीस आवंटन पत्र प्राप्त होने के तीन दिनों के अंदर बैंक ड्राफ्ट के जरिये काउंसिलिंग केंद्र पर जमा करनी होगी। जिन्हें आवंटन पत्र नहीं मिलेंगे, उन्हें अगले दिन 5000 रुपये का बैंक ड्राफ्ट वापस कर दिया जाएगा। शासन ने बीएड के निजी कालेजों के लिए सत्र 2010-11 की फीस 30,559 रुपये तय की है जबकि सरकारी व अनुदानित कालेजों की फीस अलग-अलग है(दैनिक जागरण,लखनऊ,27.7.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।