उत्तराखंड लोकसेवा आयोग ने राजकीय इंटर कॉलेज में प्रवक्ता पद हेतु लिए परीक्षा के प्रश्नों का हल अपनी वेबसाइट पर जारी किया है लेकिन उनमें छात्र १४ से अधिक सवालों के हल गलत बता रहे हैं । परीक्षा २६ मई को हुई थी । हाल ही में उप्र लोकसेवा आयोग की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा -२००९ के सामान्य अध्ययन के जारी ९ हलों को भी छात्रों ने गलत बताया है । इस लिहाज से इन आयोगों की विश्वसनीयता पर सवालिया निशान ख़ड़ा होने लगा है ।
उत्तराखंड लोकसेवा की इस परीक्षा में छात्रों ने सबसे ब़ड़ी गलती प्रश्न पुस्तिका बी सीरीज के प्रश्न संख्या ४० में पाई है । इसमें पूछा गया कि कालाहारी मरुस्थल कहां है । बोर्ड के जवाब का हल "डी" है यानी आयोग ने कालाहारी को पश्चिम आस्ट्रेलिया में बताया है जबकि सही जवाब दक्षिण-पश्चिम अफ्रीका है।
विद्यार्थियों के मुताबिक आयोग ने प्रश्न संख्या ४, ५, ६ के लिए जारी हल भी गलत बताएं हैं । प्रश्न ४ में नैनीताल की सीमा से सटे जनपदों की संख्या के बारे में पूछा गया था । बोर्ड द्वारा जारी हल में इसकी संख्या ५ बताई गई है जबकि सही जवाब ४ है । प्रश्न संख्या ५ में पूछा गया है कि सबसे कम उम्र में उत्तराखंड का विक्टोरिया क्रॉस विजेता सैनिक कौन था। बोर्ड का जवाब गबर सिंह नेगी है जबकि विद्यार्थी दरमियान सिंह नेगी का नाम बता रहे हैं । इसी तरह प्रश्न संख्या ५ का हल भी बोर्ड ने गलत बताया है । इस प्रश्न में उत्तराखंड में २००९ तक डीम्ड, राज्य तथा केंद्रीय विश्वविद्यालयों की संख्या के बारे में पूछा गया था । इसकी संख्या बोर्ड ने १५ बताई है जबकि सही जवाब ८ है ।
अब उत्तराखंड आयोग अंक देते समय किस जवाब को सही मानता है इसे लेकर विद्यार्थियों में ऊहापोह है । अगर आयोग अपने हल पर कायम रहता है तो इससे कई विद्यार्थियों के सही उत्तर गलत हो जाएंगे । आयोग ने जो हल जारी किए हैं उनमें विद्यार्थियों के मुताबिक कुल १४ प्रश्नों का हल गलत हैं । इनमें बी सीरीज के प्रश्न संख्या ४०, ६५, ७२, ९३, १०४, ११३, ११९, १२०, १२९, १३८ भी शामिल है(नई दुनिया,दिल्ली,6.7.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।