मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

10 अगस्त 2010

सीबीएसईःकक्षा 11 के पंजीकरण में अब दसवीं का रोल नम्बर

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) में इस साल कक्षा 11 के पंजीकरण में पुरानी पंजीकरण संख्या नहीं चलेगी। परिषद द्वारा लागू नई व्यवस्था के तहत इस साल छात्रों के कक्षा दस के अनुक्रमांक भरे जाएंगे। इतना ही नहीं, सीबीएसई ने इस साल पंजीकरण फार्म में अभ्यर्थियों के माता-पिता की आय व इकलौती कन्या संतान के विषय में भी जानकारी मांगी है। प्रधानाचार्यो की माने तो ये जानकारियां पहली बार मांगी गई है। सीबीएसई ने इस साल से कक्षा नौ व 11 के पंजीकरण का कार्य आनलाइन करने का निर्देश दिया था। यह कार्य अब प्रारंभ हो गया है। सीबीएसई ने अपनी वेबसाइट पर इसके लिए जरूरी लिंक उपलब्ध करा दिए हैं। हर एक विद्यालय को पासवर्ड आदि दिए जा चुके हैं। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विद्यालय अपने कक्षा नौ व 11 के छात्रों का पूरा विवरण इस लिंक के माध्यम से अपलोड करेंगे। साथ ही इसकी हार्डकापी छात्रों की तस्वीर लगाकर परिषद को भी भेज देंगे। इलाहाबाद क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी राजबीर सिंह के अनुसार कक्षा नौ व 11 में आनलाइन पंजीकरण फार्म भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। यह फार्म सात सितंबर तक परिषद को भेजे जा सकेंगे। महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या श्रीमती सुष्मिता कानूनगो के अनुसार इस साल पंजीकरण फार्म में कई परिवर्तन किए गए हैं। इस साल कक्षा 11 में अभ्यर्थियों के कक्षा नौ वाली पुरानी पंजीकरण संख्या नहीं चलेगी। इस साल आनलाइन व्यवस्था लागू होने के चलते परिषद ने पुरानी संख्या को दर्ज करने की व्यवस्था खत्म कर दी है। इस साल कक्षा 11 के छात्र अपना कक्षा दस का अनुक्रमांक भरेंगे। साथ ही संबंधित शिक्षा परिषद (बोर्ड) का नाम, परीक्षा का नाम व विषय भी दर्ज करना होगा। जैसे उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद के छात्र परिषद का नाम लिखने के नाम के साथ ही परीक्षा के नाम में हाईस्कूल लिखेंगे। इसी तरह सीबीएसई के छात्र बोर्ड का नाम लिखने के बाद परीक्षा के नाम में एआईएसएसई लिखेंगे। कक्षा नौ में भी यही व्यवस्था लागू है। इन अभ्यर्थियों को अलबत्ता नई पंजीकरण संख्या आवंटित की जाएगी। क्षेत्रीय अधिकारी श्री सिंह के अनुसार इकलौती कन्या संतान के मामले में छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। इसका लाभ देने के लिए जानकारी मांगी गई है(दैनिक जागरण,इलाहाबाद,10.8.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।