बीआईटी के लालपुर एक्सटेंशन में बीसीए में नामांकन कराने के नाम पर एक लाख 86 हजार रुपये की ठगी के मामले में बरियातू थाने में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। धनबाद के एक चिकित्सक डा. कमरूल इस्लाम ने यह प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें ठगी का आरोप हरिहर सिंह रोड, मोरहाबादी के राहुल खन्ना पर लगाया है। फिलहाल, राहुल का कुछ अता-पता नहीं है। रुपयों का भुगतान ड्राफ्ट की मदद से किया गया है। डा. इस्लाम ने बरियातू पुलिस को बताया कि उन्हें अपने बेटे मोहम्मद फुजैल शकील का बीसीए में नामांकन कराना था। जून में राहुल खन्ना का फोन आया और फिर बात होती चली गई। इसी बीच बीआईटी लालपुर में बीसीए में नामांकन कराने पर बात हुई। मामला एक लाख 86 हजार रुपये पर तय किया गया। इसमें डेढ़ लाख रुपये डोनेशन और 36 हजार रुपये प्रथम सेमेस्टर के लिए ड्राफ्ट के माध्यम से राशि भी दी गई। जब बीआईटी में जाकर नामांकन संबंधी पता किया गया तो ऐसा कोई नामांकन नहीं हुआ था। डा. इस्लाम को जब बरियातू पुलिस हरिहर सिंह रोड ले गई तो उन्होंने पुष्प बिहार की तरफ इशारा करते हुए बताया कि वहीं पर राहुल खन्ना ने ड्राफ्ट लिया था। जबकि, आसपास के लोगों ने बताया कि वहां वर्षो से कोई नहीं रहता है। बरियातू पुलिस मामले की छानबीन कर रही है(दैनिक जागरण,रांची,25.8.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।