मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

22 अगस्त 2010

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय मांगेगा परीक्षा आयोजन का हक

कोटा में तकनीकी और प्रबंधन विषय के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षाओं के आयोजन के लिए राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय एक बार फिर प्रयास करेगा। विश्वविद्यालय राज्य सरकार से आरपीईटी, आरमेट और आरएमकेट परीक्षा के आयोजन का हक मांगेगा। इन परीक्षाओं के आयोजन का प्रावधान विश्वविद्यालय के संविधान में है। इसके बावजूद गत दो सालों से अन्य संस्थाएं ये परीक्षाएं करवा रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश में धडाधड खुल रहे प्रबंधन और इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या भी सीमित रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इस बारे में उच्चाधिकारियों से बातचीत की जाएगी।

शनिवार को राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के अधिकारी और उदयपुर प्राइवेट कॉलेज प्रमोटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच इस बारे में चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. आर.पी. यादव ने की। उन्होंने कहा कि अब तक विश्वविद्यालय और निजी कॉलेज अलग-अलग धाराओं में चलते थे, लेकिन अब विश्वविद्यालय, कॉलेज और विद्यार्थी के विकास के लिए संयुक्त प्रयास किया जाएगा। विश्वविद्यालय और कॉलेज एक-दूसरे की मदद से विद्यार्थी को सफल बनाएंगे। बैठक में विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. डी.एम. मेहता, परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनिल माथुर, अकादमिक निदेशक अमिताभ शर्मा व अन्य पदाधिकारी शामिल थे। वहीं एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल, उपाध्यक्ष हरीश राजानी, महासचिव नरेन्द्र गुप्ता व सचिव विशाल गुप्ता बैठक में शामिल हुए।

इन मामलों पर हुई चर्चा
-एमबीए में प्रवेश के लिए पात्रता 50 से घटाकर 45 प्रतिशत की जाए।
-विश्वविद्यालय फेकल्टी डवलपमेंट प्रोग्राम बनाएगा।
-पाठ्यक्रम में बदलाव के लिए निजी कॉलेजों से भी सलाह ली जाएगी।
-विश्वविद्यायल एक्सपर्ट फेकल्टी पूल एण्ड पैनल उपलब्ध कराए।
-काउंसलिंग समय पर हो और एक जुलाई से सेशन शुरू किए जाएं।
-गेस्ट फेकल्टी की भी छूट दी जाए।- पुराने पाठ्यक्रमों में समयानुसार बदलाव किया जाए
(राजस्थान पत्रिका,कोटा,22.8.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।