मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

10 अक्टूबर 2010

मध्यप्रदेशःआयुर्वेदिक कॉलेज की मान्यता बहाल

केंद्र सरकार ने शनिवार को प्रदेश के दो आयुर्वेदिक और एक यूनानी मेडिकल कॉलेज की मान्यता बहाल कर दी। जिससे सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेजों में बीएएमएस की सीटें 128 से बढ़कर 218 हो गई हैं। दूसरी ओर मान्यता के अभाव में एक साल से बंद शासकीय सैय्यद जिया-उल-हसन यूनानी मेडिकल कॉलेज को 40 सीट पर प्रवेश की अनुमति दे दी।

सीसीआईएम के अध्यक्ष डॉ. रघुनंदन शर्मा ने बताया कि शासकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय को 50 तथा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज इंदौर को 40 सीट पर प्रवेश की अनुमति दी है। दूसरी ओर प्रदेश के एकमात्र सरकारी सैय्यद जिया-उल-हसन यूनानी मेडिकल कॉलेज को बीयूएमएस की 40 सीट पर प्रवेश की अनुमति सरकार ने दी है।

डॉ.शर्मा ने बताया कि ये कॉलेज सेंट्रल काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन के मापदंडों पर खरे नहीं है। इसके चलते इन कॉलेजों को मान्यता न देने की अनुशंसा केंद्र सरकार से की थी।

जिसे नजरअंदाज कर सरकार ने तीनों कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2010-11 में विद्यार्थियों को प्रवेश की अनुमति दी है।

दो साल से बंद थे कॉलेज

सीसीआईएम ने दो साल पहले शासकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर और ग्वालियर की मान्यता स्टाफ समेत अन्य कमियों के कारण समाप्त कर दी थी। इसके चलते इन तीनों कॉलेजों में विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिए गए थे। जिसका खामियाजा आयुर्वेदिक , यूनानी कॉलेजों में एडमिशन के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रवेश से वंचित होकर भरना पड़ रहा था।

19 अक्टूबर से दूसरे चरण की काउंसिलिंग

प्रदेश के सरकारी और निजी आयुर्वेदिक, होम्योपैथी, यूनानी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की पाहुट काउंसिलिंग 19 अक्टूबर से होगी। जो 23 अक्टूबर को समाप्त होगी। काउंसिलिंग प्रभारी डॉ. बीएम गुप्ता ने बताया कि काउंसिलिंग पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में होगी। यहां पहले दिन उम्मीदवारों के शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन कर उनका पंजीयन किया जाएगा(दैनिक भास्कर,भोपाल,10.10.10)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।