मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

16 अक्टूबर 2010

सफल बीमा एजेंट बनने का मूलमंत्रःग्राहकों के साथ संबंध बनाने पर दें जोर

जीवन बीमा एजेंट को पॉलिसी बेचने के लिए विशेष तरह की नीति अपनाने की जरूरत होती है। यह विभिन्न पॉलिसियों के लिए अलग-अलग हो सकता है क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति की जरूरतें अलग-अलग होती हैं। पॉलिसी के संभावित खरीदार से खुल कर लेकिन विनम्रतापूर्वक उनकी वित्तीय स्थिति की जानकारी लीजिए। इसके अतिरिक्त उसके स्वास्थ्य, ऋण, परिसंपत्तियों और परिवार के सदस्यों के बारे में भी जानकारी इकट्ठी कीजिए। इस तरह की जानकारी प्राप्त करने के बाद जीवन बीमा एजेंट जीवन बीमा पॉलिसी के संभावित खरीदार से उनकी मृत्यु के बाद के आर्थिक हालात पर गंभीरता से चर्चा कर सकते हैं। इस तरह की बातचीत जीवन बीमा पॉलिसी की बिक्री में अहम भूमिका निभाते हैं।

जीवन बीमा एजेंट चाहें तो अपने आस-पड़ोस और जान-पहचान के लोगों के लिए सेवानिवृत्ति योजना या भविष्य के लक्ष्य के लिए धन-कोष बनाने जैसे विषयों पर सेमिनार कर सकते हैं। इससे एक साथ कई लोगों तक आप अपनी बात पहुंचाते हुए उन्हें जीवन बीमा पॉलिसयी लेने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। एक बात का खास ख्याल रखें कि ऐसे सेमिनार में कभी भी जीवन बीमा उत्पाद बेचने की चर्चा न की जाए। इस तरह के सेमिनार के जरिए संबंधों को मजबूत करने पर बल देना चाहिए।

जीवन बीमा एजेंटों को यह समझना चाहिए कि उनका काम लोगों की बीमा और निवेश संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सबसे बेहतर बीमा योजना या निवेश के अन्य उत्पादों की सलाह देना है। इसके लिए उन्हें विभिन्न नियामकों के नवीनतम दिशानिर्देश और उनके प्रभाव तथा वित्तीय उत्पादों की जानकारी होनी चाहिए। उन्हें नियमित रूप से आर्थिक अखबार और विभिन्न जर्नल आदि नियमित रुप से पढऩा चाहिए। उन्हें ग्राहकों से भरोसे का संबंध बनाने पर अधिक ध्यान देना चाहिए न कि कमीशन से प्राप्त होने वाली राशि पर।

एक संतुष्ट ग्राहक अपने रिश्तेदारों, दोस्तों को ऐसे ही सच्चे और भरोसेमंद एजेंट से वित्तीय उत्पाद खरीदने की सलाह देता है। इस तरह के संबंधों से न केवल एजेंट की विश्वसनीयता बढ़ती है बल्कि ग्राहकों की संख्या में इजाफा होता है जो उसकी कमाई और करियर, दोनों को एक नई दिशा देता है। नए दिशानिर्देशों के लागू होने के बाद बाजार में वैसे ही जीवन बीमा एजेंट बेहतर कमाई के साथ-साथ अपने करियर को एक नई दिशा दे सकेंगे जो अधिक से अधिक लोगों तक अपनी पहुंच बनाते हुए पॉलिसी बेचते हैं साथ ही उनके सामने अपनी विश्वसनीयता साबित करने में सफल रहते हैं।

मुद्दा
किसी भी एजेंट के सामने अपने कारोबार को बढ़ाना ही होता है कैरियर का सबसे अहम मुद्दा

तरीका
इसके लिए सिर्फ पॉलिसी बेचने के बजाय अपने ग्राहकों के साथ मजबूत संबंध बनाना है जरूरी

फायदा
मजबूत संबंधों के बलबूते भविष्य में ज्यादा से ज्यादा पॉलिसी बिकने से खुद ही बढ़ेगा कारोबार
(बिजनेस भास्कर,दिल्ली,15.10.2010)

1 टिप्पणी:

  1. बहुत अच्छी प्रस्तुति।
    सर्वस्वरूपे सर्वेशे सर्वशक्तिसमन्विते।
    भयेभ्यस्त्राहि नो देवि दुर्गे देवि नमोsस्तु ते॥
    महानवमी के पावन अवसर पर आपको और आपके परिवार के सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई!

    चिठियाना-टिपियाना संवाद

    जवाब देंहटाएं

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।