दुनिया की टॉप 500 यूनिवर्सिटीज व संस्थानों की रैंकिंग में पंजाब यूनिवर्सिटी को 380वां स्थान मिला है। हाई इम्पैक्ट यूनिवर्सिटीज डॉट कॉम द्वारा ‘प्योर, नेचुरल और मैथेमेटिकल साइंसेस’ के क्षेत्र में एकेडमिक व रिसर्च वर्क के आधार पर जारी की गई इस रैंकिंग में पीयू के अलावा देश के छह संस्थान हैं, लेकिन किसी अन्य यूनिवर्सिटी का नाम नहीं है। इस लिहाज से पीयू को अव्वल यूनिवर्सिटी माना गया है।
इस सूची में अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले पहले स्थान पर है। भारतीय संस्थानों में सबसे ऊपर 222वें स्थान पर आईआईटी कानपुर है। इसके बाद इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, बेंगलुरु का रैंक 273 है। इनके बाद पंजाब यूनिवर्सिटी का नंबर है। पंजाब यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. आरसी सोबती का कहना है कि पीयू द्वारा पिछले कुछ वर्षो से साइंस के क्षेत्र में एकेडमिक और रिसर्च गतिविधियों के आधार पर यह रैंकिंग मिली है।
कन्वोकेशन में गाउन होगा या नहीं, तय करेगी कमेटी
कन्वोकेशन में काला गाउन पहनने की ब्रिटिशकाल से चल रही प्रथा को खत्म करने पर पीयू सीनेट एकमत नहीं है। पीयू सिंडिकेट इस प्रथा को खत्म न करने पर सहमति दे चुकी है, लेकिन सीनेट की बैठक में लंबी चर्चा के बाद कमेटी गठित की गई है। सीनेटर डॉ. धीरेंद्र तायल के प्रस्ताव पर रविवार को जमकर बहस हुई।
इस प्रथा को जारी रखने का समर्थन करने वालों में जीके चतरथ और डॉ. गुरमीत सिंह शामिल थे। लेकिन डॉ. धीरेंद्र तायल ने शांति निकेतन और मुंबई यूनिवर्सिटी समेत नई खुली सेंट्रल यूनिवर्सिटी का हवाला देते हुए कहा कि आज भारत इस स्थिति में है कि कई क्षेत्रों में ब्रिटेन से भी बड़े देशों को चुनौती दे रहा है। ऐसी स्थिति में यदि सर्वसम्मति से सीनेट कन्वोकेशन में काला गाउन पहनने से छूट देने के लिए विचार करे तो कोई हर्ज नहीं है।
रैंकिंग
आईआईटी कानपुर 222
आईआईएस, बेंगलुरु 273
पंजाब यूनिवर्सिटी 380
आईआईटी मद्रास 413
आईआईटी रुड़की 497
आईआईटी खड़गपुर 507
आईआईटी मुंबई 507
(अधीर रोहाल,दैनिक भास्कर,11.10.2010)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।