मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

17 अक्टूबर 2010

एलएसई संग यूनिवर्सिटी खोलेगी रिलायंस

लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) के संग रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) भारत में एक विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना करेगी। एलएसई के प्रोफेसर लॉर्ड निकोलस स्टर्न ने यह जानकारी दी। आरआईएल से संबद्ध रिलायंस फाउंडेशन मुकेश अंबानी की परोपकारी इकाई है। जबकि एलएसई दुनिया की प्रतिष्ठित बिजनेस यूनिवर्सिटी है। फाउंडेशन की अध्यक्ष और रिलायंस के मुखिया मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने एलएसई में शुक्रवार को व्याख्यान दिया। इस दौरान नीता ने कहा कि फाउंडेशन भारत में इस विश्वविद्यालय की स्थापना कर विश्वस्तरीय शिक्षा के नक्शे पर देश का नाम रोशन करेगा। फाउंडेशन फिलहाल मुंबई स्थित धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल चला रहा है। बकौल नीता भारत को अभी अपनी शिक्षण प्रणाली में काफी सुधार करना है। देश में शिक्षा के साथ-साथ संगीत, नृत्य, पेंटिंग व कला को भी प्रोत्साहित करने की जरूरत है। व्याख्यान में नीता ने कहा कि भारत वर्ष 2040 तक 30-40 हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने में सक्षम है। इसके बाद देश में गरीबी खत्म हो जाएगी। यह देश की तीसरी और वास्तविक आजादी होगी। देश को यदि पहली आजादी 1947 में मिली थी, तो वर्ष 1991 में हमें दूसरी आजादी मिली। यह आर्थिक आजादी थी। ऐसी आजादी जिसने हमारी उद्यमशीलता को दुनिया के साथ प्रतिस्पर्धा में उतारा(दैनिक जागरण,इलाहबाद ,१७.१०.२०१०)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।