मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

15 अक्टूबर 2010

हिमाचलःबड़ू साहिब विवि में खूनी संघर्ष

सिरमौर जिले के इटरनल विश्वविद्यालय बड़ू साहिब में वीरवार रात्रि दो गुटों में जबरदस्त खूनी संघर्ष हुआ। इसमें 15 लोग बुरी तरह घायल हो गए। दो छात्रों की हालत गंभीर है, जिन्हें नाहन अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह झगड़ा पहले-पहल विवि के स्टाफ व सेवादारों और छात्रों के बीच शुरू हुआ, जिसने बाद में गंभीर रूप ले लिया। बाद में नौबत यहां तक पहुंच गई कि विवि के लगभग 200 छात्रों को डर के मारे साथ के जंगल में शरण लेनी पड़ी। बताया जाता है कि दोनों गुटों के बीच तलवार, कृपाण, डंडे व रॉड का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिससे कई लोग घायल हुए। इसके बाद गुस्साए छात्रों ने विवि परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने विवि के भवन, छात्रावासों, अकादमी कार्यालय और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इसे देखते हुए सेवादारों ने तेजधार हथियारों का खुलकर इस्तेमाल किया और परिसर में खूनी संघर्ष चल पड़ा। इससे कुछ छात्र डरकर मानगढ़ की पहाड़ियों में छिप गए और उन्होंने सारी वहीं गुजारी।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम राजगढ़ राजेश कुमार शुक्रवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे पुलिस दल के साथ मौके पर जा पहुंचे। इसे देखकर जंगल में छिपे छात्र भी वापस आ गए और इनमें घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद सुबह होने पर एसपी सिरमौर पीडी प्रसाद और डीएसपी बबीता राणा भी बड़ू साहिब पहुंची। इस घटना में गंभीर रूप से घायल छात्र कुनाल और दिवाकर को राजगढ़ अस्पातल से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल नाहन के लिए रेफर किया गया। इनके अलावा दीवान नेगी, नवीन, सुशांत, भूपेंद्र, आदित्य, सेवक सिंह, जसविंद्र सिंह व कुलदीप सहित अन्य छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस हादसे के भुगतभोगी छात्रों का कहना है कि विवि में पहले हिंदु छात्रों के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद मामला बढ़ गया। छात्रों के मुताबिक विवि के सेवादारों ने रात भर उन लोगों को भगा-भगाकर पीटा। उनके कमरों के दरवाजे तोड़े गए और उन पर हथियारों से हमले किए गए, कुछ छात्रों को जंगल की तरफ खदेड़ा गया। दूसरी तरफ यहां के मुख्य सेवादार और लाना भल्टा पंचायत के प्रधान जगजीत सिंह काका बीर ने कहा कि यह झगड़ा दो छात्र गुटों के बीच हुआ। इसके बाद छात्रों ने विवि परिसर में तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि इन छात्रों को गुरूद्वारे में प्रवेश करने से रोका गया और इसी धक्कामुक्की में कुछ लोग घायल हुए। उधर, इस घटना के बाद संस्थान प्रशासन ने विवि को सोमवार तक के लिए बंद करके सभी छात्रों को घर भेज दिया है। इस घटना को लेकर एसपी सिरमौर पीडी प्रसाद ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि सभी घायल छात्रों का मेडिकल करवाकर उन्हें उपचार दिया गया और इस संदर्भ में मामला दर्ज करके पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है(राजगढ़/सोलन संवाददाता,दैनिक जागरण,15.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।