शिक्षा के लगातार विस्तृत हो रहे दायरे को देखते हुए अब सीबीएसई ने भी अपने शिक्षकों को तैयार करने का फैसला किया है। बोर्ड की ओर से जारी तैयारियों के मद्देनजर अब सभी मान्यता प्राप्त व गैर-मान्यता प्राप्त सभी प्रकार के स्कूलों के शिक्षकों को विशेष अभियान चलाकर पेशेवर बनाया जाएगा।
बोर्ड की ओर से अंजाम दी जा रही इस कवायद का उद्देश्य न सिर्फ शिक्षकों में पेशवर विकास को बढ़ावा देना है, बल्कि छात्रों को आजीवन अध्ययन के लिए तैयार करना भी है।
बोर्ड की ओर से तैयार योजना के तहत खास तौर पर डिपार्टमेंट ऑफ प्रोफेशनल डवलपमेंट एंड लीडरशिप का गठन किया जा रहा है। इस विभाग के अन्तर्गत शिक्षकों को उनके विषय मे महारत हासिल करने से लेकर, शिक्षण में विशेषज्ञता व स्कूल की अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर शिरकत करने के लिए तैयार किया जाएगा।
बोर्ड की ओर से बनाए जा रहे विशेष विभाग की ओर से शिक्षकों को पेशवर बनाने के लिए सालाना आधार पर शार्ट टर्म कोर्स की सूची तैयार की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के यह कोर्स शिक्षकों को अध्ययन के लिए उपलब्ध रहेंगे। इतना ही बेहतर ज्ञान और विषय की बारीकियों को समझाने के लिए बोर्ड अंतरराष्ट्रीय स्तर के संसाधनों का भी इंतजाम करेगा, जिसमें एक्सपर्ट्स की भूमिका अहम रहेगी।
सीबीएसई की इस कवायद का उद्देश्य ऐसे छात्रों को तैयार करना है, जो न सिर्फ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार रहें, बल्कि वह पढ़ाई-लिखाई को केवल पास-फेल होने तक सीमित न रखें। यानी अध्ययन का सिलसिला आजीवन जारी रखे(दैनिक भास्कर,दिल्ली,11.10.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।