मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

11 अक्टूबर 2010

वीडियो जॉकी के रूप में कॅरिअर

टेलीविजन पर वर्तमान समय में संगीत चैनलों की बाढ़-सी आ गई है। इससे संगीत के प्रति क्रेजी युवाओं के लिए कॅरिअर का नया विकल्प भी सामने आया है जिसे वीडियो जॉकी या शॉर्ट फॉर्म में वीजे भी कहते हैं। वीडियो जॉकी का मुख्य काम नए वीडियो को इंटरड्यूस करना और संगीत से जुड़े कार्यक्रम टेलीविजन पर पेश करना है।

बढ़ती प्रतिस्पर्धा की वजह से तमाम टेलीविजन चैनल युवा दर्शकों को आकर्षित करने के लिए नए-नए अंदाज के कार्यक्रम बना रहे हैं। इससे वीडियो जॉकी के काम का दायरा बढ़ा है। आज वीजे शो प्रस्तुत करने, नए वीडियो के बारे में जानकारी देने के अलावा गेम्स व ट्रेवल शो होस्ट करने, युवा फोरम, पब्लिक चैटिंग के समेत कलाकारों, संगीतज्ञों व सेलिब्रिटीज के इंटरव्यू लेने का काम भी करते हैं। एक प्रकार से यह सेतु की तरह होते हैं। इनके काम में कैमरे के सामने आने के अलावा नए शो की थीम तैयार करना, गीतों का चुनाव, कार्यक्रमों का प्रमोशन जैसे रोड शो, थीम पार्टी में शिरकत करने और कई बार शो के लिए स्क्रिप्ट तैयार करना भी शामिल होता है।

वीडियो जॉकी बनने के लिए किसी विशिष्ट शैक्षणिक योग्यता की जरूरत नहीं होती है। बस इनमें आपकी कुछ व्यक्तिगत खूबियां काम आती हैं। हालांकि मास कम्युनिकेशन या परफॉर्मिंग आर्ट्स की पृष्ठभूमि मददगार साबित हो सकती है। उम्मीदवार को संगीत की जानकारी और उसमें रुचि दोनों ही जरूरी हैं। इसके साथ ही अच्छी बॉडी लैंग्वेज, अच्छा ड्रेस सेंस, बढ़िया आवाज, हाजिरजवाब, कार्य करने वाली जगह की भाषा और खासकर अंग्रेजी पर अच्छी पकड़ होना जरूरी है। इसमें आपको अपनी स्क्रीन प्रेजेंस और बॉडी लैंग्वेज का बहुत ध्यान रखना होता है ताकि आप खुद को भीड़ से जुदा साबित कर सकें। यही अंदाज आपको दूसरों से विशिष्ट बनाएगा। वीडियो जॉकी को लगातार संगीत के नए ट्रेंड और संगीत के क्षेत्र से जुड़े कलाकारों और सेलिब्रिटीज की जानकारी से अपडेट रहना पड़ता है। इन्हें कई तरह के म्यूजिक या उस समय चलन में रहने वाली बातों की जानकारी होनी आवश्यक है इसमें संगीत से लेकर राजनीति तक के विषय शामिल होते हैं। इस कार्य के लिए वैसे तो कोई निर्धारित पाठ्यक्रम नहीं होता लेकिन महानगरों में पूर्व वीडियो जॉकियों द्वारा चलाए जा रहे कई संस्थान वीडियो जॉकी बनने का प्रशिक्षण देते हैं। इसके अलावा आप चाहें तो पब्लिक स्पीकिंग का कोर्स भी कर सकते हैं। अपनी आवाज की पिच सही करने के लिए भी कोर्स किया जा सकता है। मास कम्युनिकेशन और परफॉर्मिंग आर्ट्स का कोर्स भी वीडियो जॉकी बनने की दिशा में आपको फायदा पहुंचा सकता है। वीडियो जॉकी को म्यूजिक चैनल के दफ्तरों, म्यूजिक शोज का निर्माण करने वाली संस्थाओं और फिल्म आधारित कार्यक्रम बनाने वाली संस्थाओं में नौकरी के काफी मौके मिलते हैं। इस संबंध में सबसे ज्यादा मांग नामी म्यूजिक चैनलों में होती है। इनमें एमटीवी, चैनल वी, बी-फोर-यू आदि प्रमुख हैं। यहां वीडियो जॉकी की मांग हमेशा बनी रहती है।

वैसे तो यह पेशा थोड़े समय के लिए ही होता है लेकिन इससे मॉडलिंग, थियेटर, म्यूजिक वीडियो निर्देशक, एंकरिंग, न्यूज कास्टिंग, पी.आर. जैसे कई क्षेत्रों में काम करने के उजले अवसर खुलते हैं। अहम बात यह है कि वीडियो जॉकी बने रहने के दौरान आप जितनी शोहरत हासिल करते हैं, उतने ही ज्यादा मौके आगे बढ़ने के लिए आपके पास मौजूद रहते हैं।

कहां से करें कोर्स

१. साउंड ऑफ म्यूजिक, वसंत कुंज, नई दिल्ली।

२. द स्टूडियो बेकर्स, पूसा रोड, कैलाश कॉलोनी, नई दिल्ली।

३. मोडस ऑपरेंडी, नई दिल्ली।
(जयंतीलाल भंडारी,नई दुनिया,दिल्ली,11.10.2010)

1 टिप्पणी:

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।