मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

04 अक्टूबर 2010

मुंबई विश्वविद्यालयःबीए के कोर्स से रोहिंगटन मिस्त्री का उपन्यास हटा

शिवसेना से संबद्ध स्टूडेंट यूनियन 'भारतीय विद्यार्थी सेना' की आपत्ति के बाद मुंबई विश्वविद्यालय ने रोहिगटन मिस्त्री की पुस्तक 'सच ए लॉन्ग जर्नी' को पाठ्यक्रम से बाहर कर दिया है। गत सप्ताह किए गए इस फैसले की जानकारी कुलपति राजन वेलूकर ने शनिवार को दी। विद्यार्थी सेना का आरोप है कि इस कहानी में शिवसेना का उल्लेख कुछ इस तरह से हुआ है कि जिससे इसकी गलत छवि लोगों में जा रही है। अंग्रेजी साहित्य के सर्वोच्च बुकर पुरस्कार के लिए नॉमिनेटिड इस पुस्तक को 2007 में बीए अंग्रेजी के दूसरे वर्ष के पाठ्यक्रम में शामिल किया गया था।

विद्यार्थी सेना के प्रमुख अभिजित पानसे का कहना है कि इस पुस्तक में शिवसेना पर व्यंग्य कसे गए हैं। उन्होंने पुस्तक की भाषा छिछली और अपमानजनक होने का आरोप भी लगाया है। पानसे ने कहा कि कुलपति ने हमारी आपत्ति को समझकर भरपूर सहयोग किया। उन्होंने वरिष्ठ सहयोगियों की तत्काल बैठक बुलाई और मिस्त्री की पुस्तक को कोर्स से बाहर करने का फैसला किया और हमें इसकी जानकारी दी।

परीक्षा आगे बढ़ानी पड़ेगी!
अब मुंबई विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध कॉलेजों को परिपत्र भेजकर 'सच ए लॉन्ग जर्नी' को पाठ्यक्रम से हटाने की जानकारी दी है। इस विषय में विश्वविद्यालय सूत्रों का कहना है कि इस परिपत्र के मिलने से पहले ही अंग्रेजी द्वितीय वर्ष के प्रश्नपत्र तैयार किए जा चुके थे। अब परीक्षा समाने है और कोर्स बदलने के कारण प्रश्नपत्र बदलना जरूरी हो गया है। इसलिए हमें परीक्षा की तारीख आगे बढ़ानी पड़ेगी(नवभारत टाइम्स,मुंबई,3.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।